कंप्यूटर आधारित होगी प्रवेश परीक्षा
सीयूईटी (यूजी) की प्रवेश परीक्षा की संभावित तिथियां भी जारी कर दी गईं हैं। इस वर्ष प्रवेश परीक्षाएं 11 से 31 मई के बीच एनटीए की ओर से निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर आधारित मोड में करवाई जाएंगी। उम्मीदवार भाषा और सामान्य योग्यता परीक्षा सहित अधिकतम पांच विषयों का चयन कर सकता है।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के लिए भाषा विषय के रूप में हिंदी या अंग्रेजी और सामान्य योग्यता परीक्षा को अनिवार्य किया गया है। प्रवेश परीक्षा के बाद भाषा विषय (हिंदी या अग्रेंजी), सामान्य योग्यता परीक्षा और केवल डोमेन विषय के प्राप्तांकों के आधार पर मेरिट तैयार करके प्रवेश दिया जाएगा।
प्रत्येक प्रश्नपत्र में होंगे 50 अनिवार्य प्रश्न
प्रवेश परीक्षा में प्रत्येक प्रश्नपत्र में 50 अनिवार्य प्रश्न होंगे जिनके लिए समय सीमा एक घंटा निर्धारित है। सही उत्तर पर पांच अंक दिए जाएंगे जबकि गलत उत्तर पर एक अंक की निगेटिव मार्किंग होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सीयूईटी स्कोर के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी और इसके बाद विश्वविद्यालय स्तर पर काउंसलिंग के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जाएगी। स्नातक स्तर पर किसी अन्य माध्यम से प्रवेश नहीं दिया जाएगा।