प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में एमएससी इन डिजाइन एंड इनोवेशन इन रूरल टेक्नोलॉजी में प्रवेश की प्रक्रिया 18 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इसके लिए अभ्यर्थियों को सेंटर ऑफ साइंस एंड सोसाइटी में संपर्क करने को कहा गया है।
पहले इस पाठ्यक्रम को ग्रामीण प्रौद्योगिकी एवं विकास के नाम से जाना जाता था। एमएससी इन डिजाइन एंड इनोवेशन इन रूरल टेक्नोलॉजी की 15 सीटों पर प्रवेश होना है। इस सत्र में उन्हीं अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा, जिन्होंने पीजीएटी-1/पीजीएटी-2 की परीक्षा पास की है और स्नातक में वनस्पति विज्ञान, जंतु विज्ञान या कृषि विज्ञान में कोई एक विषय रहा हो। अभ्यर्थियों को पीजीएटी की मार्कशीट, बीएससी की मार्कशीट एवं टीसी अथवा माइग्रेशन प्रमाणपत्र, जाति एवं आय प्रमाणपत्र, तकरीबन दो हजार रुपये शुल्क और आधार एवं दो फोटो के साथ संपर्क करने को कहा गया है। इस सत्र की प्रवेश प्रक्रिया 18 जुलाई को सुबह 11 बजे से ग्रुप डिस्कशन एवं पर्सनल इंटरव्यू से शुरू होगी। विस्तृत जानकारी ईमेल ‘css.uao@gmail.com’ से प्राप्त की जा सकती है।
कुलभास्कर में प्रवेश आज से
- कुलभास्कर आश्रम पीजी कॉलेज में बीएससी जीव विज्ञान, गणित, कंप्यूटर, शारीरिक शिक्षा, बीएससी बायोटेक्नोलॉजी एवं बीकॉम में प्रवेश इंटरमीडिएट की मेरिट के आधार पर 15 एवं 16 जुलाई को लिए जाएंगे। प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार के अनुसार अभ्यर्थी निर्धारित तिथ पर प्रवेश शुल्क एवं सभी जरूरी अभिलेखों के साथ कॉलेज में उपस्थित हों। अनुपस्थित होने पर प्रवेश मेरिट में अगले स्थान वाले अभ्यर्थी को दे दिया जाएगा।
एससीएमपी कॉलेज में प्रवेश के लिए कटऑफ जारी
श्याम प्रसाद मुखर्जी (एसपीएम) राजकीय महाविद्यालय में 15 जुलाई को स्नातक में होने वाले प्रवेश के लिए कटऑफ अंक जारी कर दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के लिए सुबह 11 से दोपहर दो बजे के बीच कॉलेज में संपर्क करना है। कटऑफ अंक इस प्रकार हैं।
बीए - 100 या अधिक अंक सभी वर्ग, सभी अभ्यर्थी एसटी वर्ग
बीएससी बायो - 120 या अधिक अंक सभी वर्ग, सभी अभ्यर्थी एसटी वर्ग
बीएससी गणित - 100 या अधिक अंक सभी वर्ग, सभी अभ्यर्थी एसटी वर्ग
बीकॉम - 135 या अधिक अंक सभी वर्ग, सभी अभ्यर्थी एसटी वर्ग
सैदाबाद पीजी कॉलेज में भी प्रवेश शुरू
सैदाबाद स्थित राजकीय पीजी कॉलेज में बीए, बीएससी, बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश शुरू हो गया है। प्रवेश ‘पहले आओ पहले पाओ’ की तर्ज पर दिया जाएगा। इसके अलावा परास्नातक प्रथम सेमेस्टर हिंदी, समाजशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान, जंतु विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, रसायन विज्ञान, भौतिक विज्ञान एवं गणित में भी प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ है। प्राचार्य प्रो. आशीष जोशी के अनुसार प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध पीजी कॉलेज में परास्नातक स्तर पर सभी विषयों में 60-60 सीटें हैं।