प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय में सत्र 2021-22 में परास्नातक में प्रवेश के लिए काउंसलिंग 21 सितंबर से शुरू होने जा रही है। पीजी के कुल 11 विषयों में प्रवेश लिए जाने हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से काउंसलिंग को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अविनाश कुमार श्रीवास्तव के अनुसार एमए में कुल नौ विषयों में प्राचीन इतिहास, एप्लाइड इकोनामिक्स, रक्षा अध्ययन, भूगोल, हिंदी, दर्शनशास्त्र, राजनीति विज्ञान, संस्कृत और समाजशास्त्र में प्रवेश लिए जाएंगे इसके अलावा एमकाम और एमएसडब्ल्यू में दाखिले होंगे।
प्रवेश के लिए सभी वर्ग के अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे बुलाया गया है। प्रवेश समिति की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार जिन उम्मीदवारों का अर्हता परीक्षा परिणाम अभी जारी नहीं हुआ है, उन्हें अंडरटेकिंग पर प्रवेश दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अर्हता संबंधी परीक्षा की मार्कशीट (काउंसिलिंग के समय परिणाम घोषित नहीं होने की स्थिति में) जमा करनी होगी। तय समय सीमा में अभिलेख उपलब्ध न कराने पर प्रवेश स्वत: निरस्त हो जाएगा। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के दौरान निर्धारित शुल्क जमा करना होगा।
विधि में पीएचडी प्रवेश के लिए इंटरव्यू पांच से
संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा (क्रेट) की लिखित परीक्षा में सफल घोषित किए गए अभ्यर्थियों का क्रेट लेवल-2 के तहत इंटरव्यू पांच एवं छह अक्तूबर को सुबह 11 बजे ऑनलाइन मोड में होगा। यह इंटरव्यू इलाहाबाद विश्वविद्यालय एवं सीएमपी डिग्री कॉलेज में पीएचडी प्रवेश के लिए होगा। इसके अलावा जो अभ्यर्थी अभिलेख सत्यापन के लिए अभी उपस्थित नहीं हुए हैं, उन्हें 30 सितंबर को सुबह 11 बजे इलाहाबाद विश्वविद्यालय के विधि विभाग में उपस्थित होकर सत्यापन कराना है।
इविवि में प्रवेश के लिए 19 हजार से अधिक आवेदन
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक कॉलेजों में प्रवेश के लिए अब तक 56881 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए हैं और इनमें से 19192 अभ्यर्थी शुल्क जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर चुके हैं। बीए, एससी, बीकॉम, बीएफए, बीपीए में प्रवेश के लिए सर्वाधिक 29584 रजिस्ट्रेशन एवं 13544 आवेदन हुए हैं। वहीं, इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज के तहत संचालित यूजी एवं पीजी पाठ्यक्रमों के लिए 6968 रजिस्ट्रेशन एवं 300 आवेदन हुए हैं। इसके अलावा बीएएलएलबी एवं एलएएलबी के लिए 8060 एवं 2612 और एलएलएम, बीएड, एमएड, एमबीए, एमबीएआरडी समेत पीजी के अन्य विषयों के लिए 12269 एवं 2736 क्रमश: रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन हुए हैं।