कुंभ में भीड़ व आपदा प्रबंधन की ट्रेनिंग के दौरान होटल में नशे में धुत होकर अफसरों के डांस करने के मामले में शासन ने सख्त रुख अपनाया है। इस मामले की जांच कर रहे आईजी अमिताभ ठाकुर की रिपोर्ट पर प्रयागराज की सिविल डिफेंस की डिप्टी कंट्रोलर अनुराधा सिंह को मेला के बीच हटा दिया गया है। लखनऊ के भी कुछ अधिकारियों पर गाज गिरने की चर्चा है।
नवंबर 2018 में कुंभ में आने वाले करीब 15 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के स्नान के दौरान भीड़ व आपदा प्रबंधन के लिए सीडीओ कार्यालय परिसर में चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिलाया गया था। इस प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन होमगार्ड व नागरिक सुरक्षा मंत्री अनिल राजभर ने किया था। इस दौरान सिविल डिफेंस के 150 अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया था। पांच दिवसीय शिविर के दूसरे सत्र में लखनऊ और प्रयागराज के अधिकारी शामिल थे।
इसमें लखनऊ से आई टीम को लीडर रोड स्थित एक होटल में ठहराया गया था। इस दौरान होटल में सिविल डिफेंस के अफसरों का नशे में डांस करते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया था। सिविल डिफेंस के कुछ अधिकारियों ने तह इसे निजता से जुड़ा मामला बताकर सफाई दी थी। वह कहते घूम रहे थे कि फुर्सत के क्षणों में मनोरंजन करना कोई गलत बात नहीं। इसके बाद शासन ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दे दिए थे।
जांच अधिकारी आईजी नागरिक सुरक्षा अमिताभ ठाकुर की रिपोर्ट पर इस मामले में डिप्टी कंट्रोलर अनुराधा सिंह को हटा दिया गया है। अनुराधा को वाराणसी भेजा गया है। उनकी जगह ओंकार नाथ शर्मा नए डिप्टी कंट्रोलर बनाए गए हैं।