दारागंज में काम दिलाने के बहाने 30 वर्षीय महिला से सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी ठेकेदार भूपेंद्र पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है। बहरिया निवासी पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वह मजदूरी करके अपना व अपने परिवार का भरण-पोषण करती है।
15 जून को शाम सात बजे के करीब आरोपी ठेकेदार अपने एक साथी संग उससे सीएमपी कॉलेज के पास मिला। इसके बाद काम दिलाने के बहाने उसे सफारी कार में बैठाकर परेड ग्राउंड ले गया। वहां तमंचा दिखाकर दोनों ने उससे दुष्कर्म किया। साथ ही शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। दारागंज थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी को सिविल लाइंस में लोकसेवा आयोग के पास से गिरफ्तार किया गया।