दो बाइकों में आमने सामने टक्कर, एक की मौत
बीती रात सोरांव थाना क्षेत्र में दो बाइकों की आपस में भिड़ंत के चलते एक व्यक्ति की मौत हो गई, दूसरा घायल हो गया। मृतक के बेटे ने सोरांव थाने में तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज कराया। थाना क्षेत्र के बरामऊ गांव का रहने वाला द्वारिका प्रसाद 45 वर्ष पुत्र रामसुंदर गुरुवार बीती रात बाइक से खनीनार देवरिया गांव से लौट रहा था।
लौटते समय सामने से आ रही बाइक बाइक सेट जोरदार भिड़ंत हो गई। जिससे मौके पर ही द्वारिका प्रसाद (45) वर्ष की मौत हो गई, जबकि बेडी़पुर पुरुषोत्तमपुर गांव का रहने वाला बाइक सवार रामप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की सूचना मिलती घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायल को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया जहां डाक्टरों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मामले को लेकर मृतक के बेटे संजय कुमार ने तहरीर देते हुए रामप्रकाश के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
मेजा में दो बाइकें आपस में टकराईं, चिकित्सक के बेटे की हुई मौत
मेजा-मेजारोड मार्ग पर बृहस्पतिवार दोपहर में तेंदुआ कला गांव के सामने दो बाइकें आपस में टकरा गईं। जिसमें चिकित्सक के बेटे की मौत हो गई। दूसरा युवक घायल हो गया, जिसे घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर मौके पर पहुंची मेजा पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर चीरघर भेज दिया। हादसे से घर में कोहराम मचा हुआ है।
लोटाढ़ के गुरूदत्तकापूरा मुहल्ले के डॉ. औंकार नाथ ओझा मेजारोड के पटेल नगर चौराहे पर ओम क्लीनिक चलाते हैं। उनके तीन बेटों में सबसे बड़ा बेटा तत्सत ओझा (36) क्लीनिक पर ही पिता के सहयोग में रहता था। बृहस्पतिवार दोपहर में वह किसी काम से बाइक से मेजा जा रहा था। जैसे ही वह तेंदुआ गांव के सामने पहुंचा वैसे ही सामने से आ रही दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर उसे टक्कर मार दी। जिससे तत्सत ओझा के सर में गंभीर चोट आ गई और उसकी मौके ही मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार शाकिब अली (20) पुत्र निजामुद्दीन निवासी मिर्जापुर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बताया जाता है शाकिब अली के साथ एक और युवक था। जो बाल-बाल बच गया। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
मुट्ठीगंज से पल्लेदारी कर पैदल घर लौट रहे युवक को नैनी थाना क्षेत्र के डांडी तिराहे के पास किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। वहीं सूचना पाकर उसके परिजन भी रोते बिलखते घटना स्थल पर पहुंच गए।
नैनी के मोहब्बतगंज सनई का पुरवा निवासी राजू पटेल (28) पुत्र स्व. राम सरन पटेल मुट्ठीगंज बाजार में पल्लेदारी करता है। बुधवार आधी रात के बाद वह पल्लेदारी कर वहां से पैदल ही अपने घर आ रहा था। वह फौव्वारा चौराहे से डांडी तिराहे के पास पहुंचा ही था कि किसी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।