लखनऊ के लिए दूसरी कंपनी की शुरू होगी वॉल्वो
0 मुख्यालय स्तर पर दूसरी कंपनियों से चल रही है वार्ता
0 पिछले दिनों ही लखनऊ जाने वाली सभी वॉल्वो हुई थीं बंद
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। प्रयागराज से लखनऊ के लिए बंद हुई वॉल्वो बस बंद होने के बाद यात्रियों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए यूपी रोडवेज ने अब दूसरी कंपनी की वॉल्वो बस चलाने की तैयारी की है। रोडवेज के मुख्यालय स्तर पर इस संबंध में कुछ कंपनियों से वार्ता भी शुरू हो गई है। बताया जा रहा है कि इस संबंध में इसी माह निर्णय हो जाएगा। इसके बाद लखनऊ के लिए रोडवेज वॉल्वो बस सेवा एक बार फिर से शुरू कर देगा।
पिछले दिनों ही लखनऊ-प्रयागराज मार्ग पर चल रही सभी 11 वॉल्वो बसें बंद कर दी गईं। अचानक बंद हुई सेवा से यात्रियों को खासी परेशानी भी हो रही है। हालांकि बंद हुई वॉल्वो के स्थान पर रोडवेज ने जनरथ बसों को लगाया है लेकिन, जनरथ के मुकाबले वॉल्वो का सफर ज्यादा आरामदायक है। इसी वजह से एसी बस से लखनऊ जाने वाले यात्रियों की पहली पसंद वॉल्वो बस ही है। बताया जा रहा है यूपी रोडवेज का रायल क्रूजर कंपनी से अनुबंध था। उसी की बसें प्रदेश भर में चल रही थीं। लेकिन, ईडी द्वारा संबंधित कंपनी की आय व्यय से जुड़ी जांच एवं अन्य कारणों से इस कंपनी की बस का संचालन मुख्यालय स्तर से रोक दिया गया। अब रोडवेज मुख्यालय की ओर से दूसरी कंपनियों से वॉल्वो सेवा शुरू करने की बात चल रही है। इस बारे में रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक टीकेएस बिसेन का कहना है कि उन्हें भी ऐसी सूचना मिली है कि मुख्यालय स्तर पर दूसरी कंपनी की वॉल्वो बस चलाने की चर्चा हो रही है। निर्णय होते ही वॉल्वो बस का एक बार फिर से संचालन शुरू हो जाएगा।