जिले में हत्याओं का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को एक और ऐसी ही सनसनीखेज घटना सामने आई। शिवकुटी के मेहंदौरी से अगवा प्रॉपर्टी डीलर की हत्या कर लाश बोरे में भरकर नवाबगंज हाईवे पर फेंक दी गई। हत्यारों ने सिर काटकर धड़ से अलग कर दिया था। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर बोरा खोला तो उसमें सिर और धड़ अलग-अलग मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घरवालों ने लेनदेन के विवाद में हत्या का आरोप लगाते हुए एक युवक को नामजद किया है।
मो. वसीम (32) पुत्र जियाउल हुसैन शिवकुटी के मेहंदौरी में रहता था। पिता का निधन हो चुका है और परिवार में पांच भाइयों व चार बहनों के अलावा मां, पत्नी और दो बच्चे हैं। चार भाइयों में वसीम चौथे नंबर का था। अता हसनैन, परवेज, जावेद और तबरेज उसके भाई हैं। पुलिस के मुताबिक, वसीम प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। 16 मई की रात साढ़े आठ बजे वह घर से निकला और इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चला। खोजबीन में जुटे परिवारवालों ने 17 मई की सुबह शिवकुटी थाने में गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी। साथ ही तलाश में भी जुटे थे। शुक्रवार सुबह छह बजे के करीब नवाबगंज क्षेत्र में कोखराज-हंडिया बाईपास पर मलाक बलऊ गांव के सामने टहलने निकले लोगों ने सड़क किनारे एक बोरा पड़ा देखा, जिसमें चारों तरफ खून के धब्बे लगे थे। थोड़ी ही देर में खबर फैल गई और वहां भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस पहुंची और बोरा खोला तो उसमें युवक का सिर और धड़ अलग-अलग मिला। खबर मिली तो शिवकुटी पुलिस भी घरवालों को लेकर पहुंची। शव देखते ही परिजन दहाड़े मारकर रोने लगे। उन्होंने बताया कि शव वसीम का है। जांच-पड़ताल और परिजनों से पूछताछ के बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर शिवकुटी पंकज सिंह ने बताया कि घरवालों ने लेनदेन के विवाद में हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने जोंधवल निवासी विपिन यादव को नामजद करते हुए 4-5 अज्ञात पर भी एफआईआर दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक, घरवालों ने बताया है कि वसीम पहले काम के सिलसिले में खाड़ी देश में रहता था। चार साल पहले वह घर लौट आया। इसके बाद उसने प्रॉपर्टी डीलिंग का काम शुुरू कर दिया। पुलिस की मानें तो इस बात की भी चर्चा है कि इधर कुछ दिनों से वह ब्याज पर रुपये भी बांटने लगा था। पुलिस का कहना है कि फिलहाल घरवालों ने किसी तरह के विवाद की बात से इंकार किया है।
वसीम की मौत से उसके दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। उसके दो बच्चों में बेटी हम्द(5)और बेटा राजा अभी तीन साल का है। वसीम की मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। घरवालों में चीख-पुकार मच गई। पत्नी फातिमा बेगम का रो-रोकर बुरा हाल है। मां हुस्ना भी बार-बार बेटे को याद कर बिलखती रहीं। भाइयों के भी आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। उधर शाम को मेहंदौरी कब्रिस्तान में शव सुपुर्दे खाक कर दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
पुलिस के मुताबिक, घरवालों ने आरोप लगाया है कि वसीम को आखिरी बार आरोपी विपिन के साथ देखा गया था। विपिन से वसीम ने कुछ रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि उस वक्त विपिन काफी हड़बड़ाया भी हुआ था। पुलिस का कहना है कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। आरोपी की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।