प्रयागराज विकास प्राधिकरण द्वारा चलाए जा रहे माफियाओं के खिलाफ ध्वस्तीकरण नोटिस को कमिश्नर के पास अपील दाखिल की गई है। पूर्व सांसद अतीक अहमद के करीबी मो. अब्बास ने सिविल लाइंस स्थित मैक टावर सहित एक मकान और चाका के पूर्व ब्लाक प्रमुख दिलीप मिश्र की पत्नी अर्चना मिश्रा ने महुआरी स्थित तीन मंजिला मकान के ध्वस्तीकरण के लिए मिले पीडीए के नोटिस को कमिश्नर के यहां अपील दाखिल करके चुनौती दी है।
मो. अब्बास की अपील हाईकोर्ट के आदेश के कारण दाखिले के लिए लग गई, जबकि विलंब के कारण अर्चना मिश्रा की अपील पर पीडीए के अधिवक्ता वीके राय ने आपत्ति की है। दिलीप मिश्रा की पत्नी ने अपील में महुआरी गांव स्थित मोबाइल टावर युक्त तीन मंजिला मकान के ध्वस्तीकरण के पीडीए के आदेश को चुनौती दी है।
पीडीए के अधिवक्ता ने विलंब के कारण दाखिले के स्तर पर ही इसपर आपत्ति की। उन्होंने कहा कि यह अपील 10 जून 2020 के आदेश को लेकर है, जो काफी विलंब से दाखिल की गई है इसलिए वह उस पर घोर आपत्ति कर रहे हैं। उधर, मो अब्बास ने सिविल लाइंस स्थित मैक टावर व अतरसुइया स्थित मकान के ध्वस्तीकरण को लेकर पीडीए के नोटिस को चुनौती दी है। मैक टावर के संदर्भ में हाईकोर्ट से अपील के लिए एक माह का समय मिलने के कारण मो अब्बास की अपील अंदर मियाद होने पर एडमिशन के लिए लगा दी गई।