लूट लिया था बैग व मोबाइल
तहरीर में युवती ने सात हजार रुपये व मोबाइल लूटने का भी आरोप लगाया था। डीसीपी ने बताया कि हिमांशु से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि बरसाती ने युवती का मोबाइल व बैग ले लिया था। फिलहाल उसके पकड़े जाने के बाद ही दोनों सामान बरामद किए जा सकेंगे।
पहले से अपराध में लिप्त, लूट-चोरी के चार मुकदमे
डीसीपी ने बताया कि मुख्य आरोपी बरसाती पहले से अपराध में लिप्त है। उस पर लूट-चोरी के चार मुकदमे दर्ज हैं। फूलपुर से लूट के मामले में वह जेल जा चुका है। उधर चौंकाने वाली बात यह कि चार मुकदमे दर्ज होने के बावजूद अब तक उसकी हिस्ट्रीशीट नहीं खोली जा सकी। एचएस न खुलने की वजह से ही उसकी सतत निगरानी नहीं हो रही थी और उसने दुष्कर्म जैसी घटना को अंजाम दिया।
क्या जल्दबाजी में किया खुलासा?
पुलिस भले ही खुलासे का दावा कर रही हो लेकिन सवाल भी उठ रहे हैं। सवाल यह है कि क्या जल्दबाजी में खुलासा किया गया। दरअसल मुख्य समेत तीन आरोपी अभी पकड़ से दूर हैं। जिस एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, उसने पुलिस को यह बताया है कि दुष्कर्म के बाद वह मौके पर पहुंचा। ऐसे में बहुत से सवालों का जवाब अभी मिलना बाकी है। मसलन दुष्कर्म के दौरान मौके पर मौजूद दूसरे व्यक्ति का नाम अभी पता नहीं चल सका है। आमतौर पर किसी घटना के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही खुलासा पुलिस करती है लेकिन इस मामले में घटना में सहयोग करने के आरोपी की गिरफ्तारी कर खुलासा कर दिया गया।
युवती की हालत में सुधार
उधर अस्पताल में भर्ती युवती की हालत में सुधार होने पर उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। फाफामऊ स्थित निजी अस्पताल में काम करने वाली 21 वर्षीय युवती ने आरोप लगाया है कि 16 अगस्त को साथी के संग बाइक से शहर से लौटते वक्त रात 8:30 बजे के करीब लघुशंका के लिए कर्जन ब्रिज के पास रुकने पर वहां मौजूद दो युवकों ने उससे छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध पर उसके साथी को मारपीट कर भगा दिया और फिर उसे घसीटकर नीचे की ओर ले जाकर एक युवक ने दुष्कर्म किया। इससे पहले उसे डंडे से पीटा भी। पुलिस ने एक आरोपी पर दुष्कर्म जबकि तीन अज्ञात पर मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।