हाईकोर्ट के पास आंबेडकर चौराहे पर अधिवक्ताओं ने मंगलवार शाम डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने पर रोष जताया। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा, यहां डॉ. आंबेडकर की काले या तांबे के रंग की नई प्रतिमा लगाई जाए।
साथ ही इसके चारों ओर स्टील की ऊंची जाली लगाई जाए ताकि अराजकतत्व नुकसान न पहुंचा सकें। इसके अलावा प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
सिंह ने कहा, मामले में केस दर्ज किया गया है, लेकिन अब तक जांच पूरी नहीं की गई। प्रशासन ने 48 घंटे में नई प्रतिमा लगाने का वचन दिया था, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। इस दौरान अधिवक्ताओं ने डीसीपी सिविल लाइन को संबोधित ज्ञापन इंस्पेक्टर सिविल लाइंस को दिया।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द नई प्रतिमा स्थापित नहीं की गई तो बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे। बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर अधिवक्ता संघर्ष समिति, उच्च न्यायालय, इलाहाबाद के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
मुख्य रूप से अधिवक्ता राय साहब यादव, राम कुमार गौतम, रामबली वर्मा, हरिंद्र प्रसाद, जीत बहादुर गौतम, सुनील कुमार पासवान, महेश प्रसाद, रंजीत कुमार, बृजमोहन सिंह, बैरिस्टर सिंह, धर्मेंद्र यादव, ओम प्रकाश वर्मा और अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।