A fire in the drugstore burns goods worth millions
- फोटो : CITY DESK
प्रयागराज। कीडगंज के चौखंडी में स्थित दवा की दुकान में मंगलवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग निचले तल पर स्थित दुकान में लगी और ऊपर के तल पर स्थित घर में फैल गई। चपेट में आने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। हाल यह रहा कि आग पर काबू पाने में फायरब्रिगेड को तीन घंटे का वक्त लग गया। गनीमत रहा कि घटना में किसी तरह का जान-माल का नुकसान नहीं हुआ।
विवेश मिश्रा कीडगंज के चौखंडी में परिवार समेत रहते हैं। दो मंजिला मकान में निचले तल पर वह दवा की दुकान चलाते हैं, जबकि प्रथम व द्वितीय तल पर परिवार रहता है। मंगलवार को सुबह उन्हें गांव जाना था। ऐसे में घर में ताला लगाकर वह परिवार समेत गांव जाने के लिए निकल गए। दोपहर 1.30 बजे के करीब आसपास के लोगों ने उनके घर से धुआं उठते देखा। सूचना पर पुलिस और फिर फायरब्रिगेड पहुंच गई। फायरब्रिगेड कर्मचारियों ने ताला तोड़ा तो दुकान में चौतरफा आग फैली हुई थी, जिस पर पहले उस पर काबू पाया गया।
फायरब्रिगेडकर्मियों ने सीढ़ी लगाकर प्रथम तल पर बने कमरे में झांका तो वहां आग की लपटें उठतीं दिखीं। इसके साथ ही द्वितीय तल पर बने कमरे में भी आग लगी हुई थी। लकड़ी की सीढ़ी के माध्यम से फायरब्रिगेड कर्मचारियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। दुकान में रखी दवाएं भी आग की भेंट चढ़ चुकी थीं। तब तक जानकारी पर दुकान मालिक विवेश भी मौके पर आ गए। फायरब्रिगेड कर्मचारियों का मानना है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग पहले दुकान में लगी। इसके बाद वह ऊपरी तल पर बने कमरों तक फैल गई। आग पर पूरी तरह काबू पाने में तीन घंटे का वक्त लग गया।
A fire in the drugstore burns goods worth millions- फोटो : CITY DESK