प्रयागराज। धूमनगंज के सुलेमसराय में होली के दौरान हुए विवाद में गोलू भारतीय (22) को गोली मार दी गई। वारदात से कुछ देर पहले उसका मोहल्ले में ही रहने वाले युवक से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद उसने अपने दो साथियों संग मिलकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सुलेमसराय में रहने वाला गोलू पुत्र पप्पू हरिजन प्लंबर है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात 12.30 बजे के करीब वह अपने घर के पास ही मौजूद था। इसी दौरान वहां तीन युवक पहुंचे और उससे विवाद करने लगे। देखते ही देखते हमलावरों ने उसे पीटना शुरू कर दिया और अगले ही पल एक हमलावर ने गोलू पर असलहा निकालकर फायर झोंक दिया। गोली सीधे गोलू के पेट में लगी और वह चीखते हुए जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर भाग निकले। फायरिंग की आवाज सुनकर घरवाले व आसपास के लोग बाहर आए तो गोलू को लहूलुहान पड़ा देख उनके होश उड़ गए।
सूचना पर पुलिस भी आ गई और इसके बाद उसे जख्मी हाल में एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। पुलिस के मुताबिक अस्पताल में पूछताछ में भुक्तभोगी ने बताया है कि हमलावरों में से एक पड़ोस का रहने वाला है जिससे कुछ देर पहले उसका विवाद हुआ था। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सुलेमसराय निवासी मनीष, सौरभ, अजीत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों नशे में धुत थे और इस दौरान ही उन्होंने वारदात को अंजाम दिया। अस्पताल में भर्ती भुक्तभोगी की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।