फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Prayagraj News: ट्रक में फंसकर सड़क पर 30 मीटर तक घिसटी साइकिल सवार छात्रा, दो टुकड़ों में बंट गया शव

Sat, 14 Mar 2026 02:33 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, प्रयागराज
विज्ञापन
विज्ञापन
हृदय विदारक : फूलपुर के मैलहन में कोचिंग जा रही थी 11वीं की छात्रा, ग्रामीणों ने ट्रक चालक को पीटा, हंगामा
विज्ञापन




फूलपुर। क्षेत्र के मैलहन गांव के पास शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाले सड़क हादसे में ट्रक की चपेट में आकर साइकिल से कोचिंग जा रही 11वीं की छात्रा की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक में साइकिल के साथ फंसकर छात्रा करीब 30 मीटर तक सड़क पर घिटती गई। हादसा इतना हृदय विदारक था कि शव के दो टुकड़े हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने ट्रक चालक की पिटाई कर दी। साथ ही वाहन में तोड़फोड़ की। पुलिस किसी तरह चालक को बचाकर थाने ले गई। परिजनों के साथ लोगों ने सड़क जाम कर दिया। करीब ढाई घंटे तक जाम के चलते अफरातफरी की स्थिति बनी रही।



फूलपुर कोतवाली के रैनी गांव निवासी आनंद बहादुर यादव किसान हैं। उनके दो बेटे और एक बेटी में प्राची (16) दूसरे नंबर पर थी। वह गांव से करीब दो किलोमीटर दूर मैलहन गांव स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में पढ़ती थी। साथ ही कोचिंग भी जाती थी।
विज्ञापन


प्राची घर से सुबह करीब सात बजे साइकिल से कोचिंग के लिए निकली थी। जब वह मैलहन गांव के पाल बाजार के पास सड़क पार कर रही थी तभी मुबारकपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। छात्रा ट्रक के पहिए के नीचे आ गई।



प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छात्रा ट्रक में फंसकर सड़क पर करीब 25 से 30 मीटर तक घिसटती गई। इससे शव दो हिस्सों में बंट गया। यह देख मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। चालक को ग्रामीणों से छुड़ाकर पुलिस थाने ले गई।

इस बीच गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रक में तोड़फोड़ कर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। घटना की जानकारी पर आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जैसे-तैसे मामला शांत कराया। छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। एसीपी फूलपुर विवेक यादव के मुताबिक मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।



ट्रक ने कुचल डाले सुनहरे भविष्य के सपने और परिवार के अरमान, शव के टुकड़ों के साथ सड़क पर बिखर गईं किताबें



परिजनों को बड़ी उम्मीद थी कि उनकी बेटी खूब पढ़-लिखकर कुछ बड़ा करेगी। प्राची ने भी भविष्य को लेकर ढेरों सपने संजो रखे थे। हाईस्कूल में उसने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए थे। लेकिन, तेज रफ्तार ट्रक ने प्राची के सुनहरे भविष्य के सपने और परिवार के अरमान एक साथ रौंद दिए। प्राची पढ़ाई को लेकर मेहनती और गंभीर थी। वह रोजाना कोचिंग जाती थी। घर पर भी खूब पढ़ाई करती थी।
विज्ञापन




परिवार उसके सपनों को पूरा करने में हरसंभव मदद कर रहा था। लेकिन, एक ही झटके में सब कुछ बिखर गया। सड़क पर शव के टुकड़ों के साथ किताबें भी बिखर गईं। घर में कोहराम मच गया। मां-बाप और परिजन बदहवास हो गए। परिवार की हंसती-खेलती दुनिया पर दुखाें का पहाड़ टूट पड़ा। हंसती-मुस्कुराती जिस बेटी को सुबह पढ़ने के लिए भेजा था, अब वह कभी लौटकर नहीं आएगी, यह सोचकर ही परिजनों का कलेजा फटा जा रहा था। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें