पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की बेंच बनाने का विरोध कर रहे हाईकोर्ट अधिवक्ताओं की महापंचायत रविवार दिन में 12 बजे शुरू होगी। महापंचायत में बड़ी संख्या में वकीलों के शामिल होने की उम्मीद जताई जा रही है। महापंचायत में बेंच बनाने की कोशिशों के विरोध की रणनीति तय होगी। राजनीतिक और जन समर्थन अपने पक्ष में जुटाने के और क्या तरीके हो सकते हैं इस पर भी विचार होगा। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन महापंचायत के लिए पूर्वी उत्तर प्रदेश, रुहेलखंड और बुंदेलखंड के वकीलों का समर्थन दिखाने की कोशिश में है।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय, महासचिव सीपी उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारियों ने शनिवार को महापंचायत स्थल माघ मेला स्थित हाईकोर्ट बार के शिविर में जाकर तैयारियों का जायजा लिया। एसोसिएशन ने अधिवक्ताओं और समस्त नगरवासियों से महापंचायत में पहुंचने की अपील की है। पंचायत में एक अहम मुद्दा लखनऊ बेंच के वकीलों द्वारा क्षेत्राधिकार बढ़ाए जाने की मांग का भी होगा। अवध बार एसोसिएशन इसे लेकर हड़ताल पर है। अध्यक्ष राकेश पांडेय का कहना है कि हाईकोर्ट की प्रधानपीठ का क्षेत्राधिकार यथावत रखे जाने पर भी महापंचायत में विचार विमर्श होगा और प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
पंचायत मेें पारित किए जाने वाले प्रस्तावों का एजेंडा तैयार कर लिया गया है। 58 जिला अधिवक्ता संघों से हाईकोर्ट बार को समर्थनपत्र पहले ही प्राप्त हो चुका है। वकील जनप्रतिनिधियों को भी मंच पर लाने की तैयारी में है। बार का दावा है तमाम जनप्रतिनिधियों से आश्वासन मिला है। बार पदाधिकारियों की बैठक में शामिल होने वालों में सुनीता जैन, संजय त्रिपाठी, अभिषेक चौहान, श्यामा चरण त्रिपाठी, और संयुक्त सचिव प्रेस राहुल कुमार पांडेय मौजूद थे।