तेलियरगंज में किराए का कमरा लेकर पति के साथ शिक्षक की तैयारी कर रही एक आजमगढ़ की छात्रा रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। गंभीर हालत में उसे पहले बेली अस्पताल और फिर एसआरएन ले जाया गया, जहां उपचार के दाैरान उसने दम तोड़ दिया।
संध्या वर्मा (27) मूलरूप से आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के सफरा मऊ गांव की रहने वाली थी। पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। बहन की मौत की सूचना पाकर एसआरएन अस्पताल पहुंचे छात्रा के भाई मनोज वर्मा ने बताया कि करीब एक साल पहले उनकी बहन की शादी अतरौलिया थाना क्षेत्र के सेरवां गांव निवासी शिव कुमार वर्मा से हुई थी। बहन ने शादी से पहले ही बीएड की पढ़ाई की थी। शादी के बाद वह अपने पति शिव कुमार के साथ तेलियरगंज में प्रदीप कुमार के घर में किराए पर रहती थी। साथ ही शिक्षक की तैयारी करती थी। बहनोई भी एसएससी की तैयारी करते हैं।
पति ने बताया कि जिस मकान में वह रह रहा है, उसमें अभी निर्माण कार्य चल रहा है। वह भूतल पर कमरा लेकर रहता था। रविवार तड़के करीब साढ़े पांच बजे उनकी पत्नी कमरे से अपना कपड़ा लेकर नहाने के लिए बाथरूम में गई। तभी थोड़ी देर बाद मकान के बाहर से जोरदार आवाज आई। वह भागकर निकले तो उनकी पत्नी लहूलुहान पड़ी थी। पति का कहना है कि संध्या छत पर कब पहुंच गई, उन्हें नहीं पता। पति ने आशंका जताई कि उनकी पत्नी छत पर दातून तोड़ने के लिए होगी और रेलिंग न होने की वजह से नीचे गिर पड़ी।