शहर में विभिन्न स्थानों पर अलग-अलग श्री जगन्नाथ रथयात्रा समितियों की ओर से रविवार को भंडारे का आयोजन होगा। यह आयोजन दोपहर 12 बजे के बाद कीडगंज, मुट्ठीगंज और काशीराज नगर में होगा। महाप्रसाद में तीन प्रकार की सब्जी, चावल, दम आलू, कचौरी, बूंदी और हलवा शामिल रहेगा।
प्राचीन श्री जगन्नाथ स्वामी मंदिर, कीडगंज में रविवार को भगवान जगन्नाथ का महाप्रसाद वितरित होगा। महाप्रसाद का वितरण शाम 5 बजे से शुरु होगा। रथ यात्रा समिति के आयोजक डॉ. महेंद्र तिवारी के अनुसार भगवान जगन्नाथ को पारंपरिक रूप से 56 भोग अर्पित किए जाएंगे।
वहीं, श्री जगन्नाथ रथयात्रा समिति (बड़ा रथ) के मीडिया प्रभारी राजीव गुप्त ने बताया कि रविवार को मुट्ठीगंज स्थित छोटा चौराहा पर भगवान श्रीजगन्नाथ को 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाएगा।
श्री जगन्नाथ जी महोत्सव कमेटी ट्रस्ट के रथ यात्रा संयोजक राजेश केसरवानी ने बताया कि काशीराज नगर, कटघर स्थित प्रयागेश्वर जगन्नाथ मंदिर धाम में रविवार को 12 बजे से भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही पूर्ण विधि-विधान से भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा और भ्राता बलभद्र को 56 प्रकार के व्यंजनों का महाभोग अर्पित किया जाएगा। सभी स्थानों पर महाभोग अर्पित होने के बाद भंडारे का आयोजन होगा।