इलाहाबाद (ब्यूरो)। मंडल के सभी जिलों में आकांक्षा समिति के क्रियाकलापों को सक्रिय करने को लेकर मंडलायुक्त आवास पर बैठक हुई। इस दौरान सहमति बनी कि समिति की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
बैठक में सहमति बनी कि महिलाआें एवं लड़कियाें के लिए सुरक्षा जागरूकता कार्यशालाओं, महिलाआें के स्वास्थ्य की देखभाल, विकलांग महिलाओं की मदद, कौशल विकास कार्यशालाओं, साक्षरता, बच्चों की देखरेख, स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन के साथ ही महिलाओं के लिए संचालित पेंशन योजनाओं को शत प्रतिशत लागू कराया जाए। महिलाएं स्वरोजगार के जरिए स्वयं एवं परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ कर सके इसके लिए उन्हें हस्तशिल्प और कारीगरी के लिए प्रेरित किया जाए। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का अधिकतम लाभ महिलाओं को मिले इस पर भी विशेष ध्यान रखा जाए। भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ महिलाएं आवाज उठा सकें, इसके लिए भी जागरूकता अभियानों को तेज करने पर भी सहमति बनी। बैठक की अध्यक्षता शर्मिला चटर्जी ने की। इस दौरान भागर्वी पोराला, अनुश्री पांडेय, अरुणिमा राय, मधु सिंह, कामना द्विवेदी, अर्चना सिंह, अजिता, शीला मिश्रा, प्रेम शीला सिंह, समेत समिति की सभी पदाधिकारी और सदस्याएं उपस्थित थी।