इलाहाबाद। दो पहिया गाड़ियां चुराना, बेचना, और इस आपराधिक कारगुजारी से मिले पैसों से शौक पूरा करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने दबोच लिया। सोरांव पुलिस के हत्थे चढ़े तीन लोगों की निशानदेही पर चोरी की पांच बाइक मिली हैं। इनमें दो बाइक सोरांव इलाके से ही चोरी की गई थीं। पुलिस को इन तीनों के दो साथियों की तलाश है जो धरपकड़ की जानकारी मिलने के बाद घर छोड़कर मुंबई और सूरत भाग निकले हैं।
एसपी गंगापार शफीक अहमद ने बताया कि सोरांव थाना प्रभारी माता प्रसाद सिंह और एसएसआई अनिल कुमार राय ने बुधवार रात नहर ददौली के पास चेकिंग के दौरान दो बाइक पर जा रहे दो युवकों को रोका। वे गाड़ियों के कागजात नहीं दिखा सके। शक होने पर पुलिस ने उन्हें थाने ले जाकर पूछताछ की तो पता चला कि दोनों बाइक चोरी की है। वे बाइक चुराकर बेचने का गोरखधंधा करते थे। पकड़े गए युवक आशीष तिवारी और अजय कुमार मऊआइमा में बाकराबाद गांव के रहने वाले हैं। उन दोनों ने पूछताछ में पुलिस को अपने साथी सोरांव में मलाक पयागी गांव निवासी लल्लू पटेल का नाम बताया। पुलिस ने उसके घर छापा मारकर चोरी की तीन और बाइक बरामद कर ली। बरामद चोरी की पांच बाइक में दो में नंबर प्लेट से नंबर नदारद थे। एक गाड़ी पर आगे पुलिस लिखा था और पीछे नंबर प्लेट पर पुलिस का मोनोग्राम चिपका था। इनमें एक बजाज प्लेटिना और चार हीरो होंडा स्पलेंडर प्लस बाइक है। पुलिस ने बताया कि ये लड़के हाईस्कूल और इंटर के बाद पढ़ाई छोड़कर पिछले साल भर से बाइक चोरी में जुटे थे। ये सभी बाइक साल भर से ज्यादा पुरानी नहीं है। उन्हें बेचकर वे अपने शौक पूरे करते थे। बाइक चोरी में शामिल उनके दो साथी सूरत और मुंबई भाग गए हैं। बरामद पांच में दो बाइक सोरांव इलाके से इसी साल चोरी की गई थी। सोरांव थाने में इन बाइक कीचोरी के मुकदमे दर्ज हैं।