इलाहाबाद। धूमनगंज थाना क्षेत्र के दामूपुर गांव में प्रेमी जोड़ी की हत्या के आरोपी सुफियान को धूमनगंज थाने की पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आरोपी युवती की मां परवीन बानो को पुलिस अब तक पकड़ नहीं सकी है। उसकी कुर्की का नोटिस जारी होने के बाद सीओ सिविल लाइंस नीरज पांडेय के निर्देश पर मंगलवार को मोहल्ले में डुगडुगी पिटवाई गई। कहा गया कि अगर परवीन हाजिर नहीं हुई तो उसकी संपत्ति कुर्क कर ली जाएगी।
जिले को दहला देने वाला हत्याकांड पिछले साल सितंबर में हुआ था। युवती के प्रेमी नाजिम की 17 सितंबर को हत्या कर शव खेत में फेंक दिया गया था। इस मामले में युवती के पिता इब्राहिम, भाई इमरान, मौसेरे भाई उस्मान और उसके दोस्त सुफियान को नामजद किया गया था। 19 सितंबर को घर में फांसी पर लटकती हुई युवती की लाश मिली थी। पहले इस मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई थी। इस मामले में उसकी मां परवीन और सुफियान को आरोपी बनाया गया। इब्राहिम, इमरान और उस्मान को तो पुलिस ने पकड़ लिया था लेकिन परवीन और सुफियान हाथ नहीं आए थे। मंगलवार को इंस्पेक्टर धूमनगंज रामसूरत सोनकर ने सुफियान को धर दबोचा। इंस्पेक्टर के मुताबिक परवीन हाजिर नहीं हुई तो उसकी संपत्ति कुर्क की जाएगी। बलात्कार के एक अन्य मामले में आरोपी अच्छे, बच्चे, गुड्डू, जैद और सुरेश की भी कुर्की का नोटिस जारी किया गया। सीओ के निर्देश पर असरौली और बमरौली में डुगडुगी पिटवाई गई।