इलाहाबाद। इलाहाबाद संसदीय सीट से बिना पार्टी में शामिल हुए टिकट की दावेदारी जता रहे पूर्व बसपा नेता नंद गोपाल गुप्ता नंदी के खिलाफ भाजपाइयों ने फिर प्रदर्शन किया। बुधवार को पार्टी कार्यालय में जुटे भारतीय जनता युवा मोर्चा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय नेतृत्व पर दबाव बनाया कि बाहरी नेता को टिकट न दिया जाए। कहा कि बाहरी लोगों को टिकट घोषित किया गया तो इसका विरोध किया जाएगा। दरअसल, यह प्रदर्शन नंदी समर्थकों के जवाब में किया गया।
भाजयुमो कार्यकर्ता नंदी के बसपा से निकाले जाने के दो दिन बाद से ही प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा में विरोधियों की संख्या बढ़ने के कारण नंदी के टिकट पर खतरा मंडराता नजर आया तो उनके समर्थक भी सड़क पर उतर गए। नंदी समर्थकों ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय पर भी प्रदर्शन किया जिसे लेकर भाजपाइयों ने नाराजगी जताई। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि नंदी अब तक पार्टी में शामिल नहीं हुए हैं। इसलिए समर्थकों से प्रदर्शन कराकर टिकट का दबाव बनाना सही नहीं है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने चेताया कि नंदी समेत किसी भी बाहरी नेता को प्रत्याशी बनाया गया तो कार्यकर्ता सामूहिक इस्तीफा दे सकते हैं। प्रदर्शन में रामजी केसरवानी, नरसिंह, शैलेंद्र मिश्र, बब्बूराम द्विवेदी, प्रद्युम्न जायसवाल, रामजी मालवीय, डॉ रमा सिंह, प्रमोद जायसवाल, बब्लू सोनकर, शानू भट्ट, किरन जायसवाल, गिरिजेश मिश्रा, विवेक अग्रवाल, चंद्रशेखर ओझा, अमित मालवीय, सावन जोगी आदि शामिल रहे।