चायल (कौशाम्बी)। कौशाम्बी के चरवा इलाके में शुक्रवार को पुलिस हिरासत में किसान की मौत के बाद जमकर बवाल हुआ। पेड़ से कटहल तोड़ने के विवाद में चरवा पुलिस महंतलाल (48) को पकड़ कर थाने ले गई थी। आरोप है कि पुलिसवालों ने उसकी पिटाई शुरू की तो महंत ने दम तोड़ दिया। हिरासत में मौत की खबर फैलते ही आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए। सैकड़ों की संख्या में जमा ग्रामीणों ने चरवा थाने पर धावा बोलकर उत्पात किया। पुलिस से झड़प के बाद ग्रामीणों ने पथराव कर पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी। मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ से अफरातफरी मची रही। आक्रोश बढ़ता गया और शाम तक भीड़ ने चरवा थाना घेरकर नारेबाजी की। पुलिस और पीएसी ने पहुंच पूरे इलाके को घेर लिया। डीआईजी ने मौके पर पहुंच भीड़ को समझाया। उन्होंने सिपाही को निलंबित कर घरवालों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करा दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि महंतलाल की मौत हीट स्ट्रोक से हुई है। पोस्टमार्टम के बाद तस्वीर साफ हो जाएगी।
चरवा थाने के ओदारपुर गांव का महंतलाल कई साल से आदर्श ग्राम सभा इंका चरवा के परिसर से कटहल तोड़कर बाजार में बेचता था। शुक्रवार की दोपहर महंतलाल अपने बेटे संदीप के साथ कटहल तोड़ रहा था। तभी वहां चरवा थाने के सिपाही आ गए। सिपाही उसे पकड़कर थाने ले गए। आरोप है कि थाने में पुलिसवालों ने उसे पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। आनन-फानन में पुलिसवाले जिला अस्पताल पहुंचे और शव छोड़कर निकल भागे। जैसे ही गांववालों को पुलिस की पिटाई से मौत की सूचना मिली, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों ने थाना घेर लिया। भीड़ ने जमकर ईंट-पत्थर चलाए। एसपी स्कार्ट की जिप्सी में तोड़फोड़ कर पुलिस पर पथराव किया गया। ग्रामीणों के बवाल से घंटों अफरातफरी मची रही। लोग पिटाई करने वालों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग कर रहे थे। खबर पाकर डीआईजी एन रविन्द्र चरवा थाने पहुंचे। डीआईजी ने आरोपी सिपाही को तुरंत निलंबित कर दिया। साथ ही महंतलाल के बेटे की तहरीर पर सिपाही समेत कई लोगों के खिलाफ चरवा थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। उन्होंने जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मृतक के बेटे संदीप का आरोप है कि मौके पर ही एक स्थानीय नेता, उसके भाई और सिपाही ने महंतलाल की पिटाई की थी। विरोध करने पर उसे भी दो-तीन थप्पड़ मारे थे। दोपहर दो बजे से शुरू हुआ बवाल रात आठ बजे तक चलता रहा।
000
थाने में पानी पीने के बाद ही महंतलाल की मौत हो गई। शव के पोस्टमार्टम मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी। उसे पकड़ने वाले सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। घरवालों की तहरीर पर केस भी दर्ज कराया गया है। जांच के बाद दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
-एन रविन्द्र, डीआइजी