इलाहाबाद। बुढ़ापे में अक्सर खुद को अकेला महसूस करने वाले तमाम पेंशनरों ने रविवार को एक-दूसरे संग खुशियां बांटीं। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से आयोजित होली मिलन समारोह में अबीर-गुलाल उड़े तो चुटकुलों पर पेंशनर्स हंसते-हंसते लोटपोट हो गए।
समारोह में शंभुनाथ भारती की ओर से प्रस्तुत भजन और एसके सिन्हा की ओर से प्रस्तुत की गई मधुशाला की पंक्तियों को काफी सराहा गया। इससे पूर्व हरिश्चंद्र सक्सेना ने गणेश वंदना और होली गीत से कार्यक्रम की शुरुआत की। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष आरएस वर्मा ने सभी सदस्यों से भाईचारे की भावना के साथ मिलजुल कर रहने की अपील की। इससे पूर्व कार्यकारिणी की मासिक बैठक भी हुई, इसमें पेंशनरों की समस्याओं पर विचार-विमर्श किया गया। समारोह में धनंजय सिंह, टीएन श्रीवास्तव, आईपी सिंह, भगवती प्रसाद आदि शामिल रहे।