महाकुंभ नगर। पौष पूर्णिमा पर तो गऊघाट और सरस्वती घाट से संगम तक नौकाएं ले जाने की अनुमति दे दी गई थी लेकिन अन्य स्नान पर्वों पर भीड़ बढ़ने पर संगम तक नौकाएं ले जाने पर पुलिस रोक लगा सकती है। इस बारे में जिला नाविक संघ के पदाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है और नाविक संघ भी सुरक्षा के मद्देनजर हर तरह का सहयोग करने को तैयार है। मेला प्रशासन ने लाउडस्पीकर से चेतावनी जारी करनी शुरू कर दी है कि जिन नाविकों ने लाइसेंस नहीं बनवाए हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पौष पूर्णिमा पर ज्यादा भीड़ नहीं जुटी, इसलिए संगम तक नौकाएं ले जाने की अनुमति दे दी गई। मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी पर करोड़ों की भीड़ आने की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन नौकाओं के संचालन पर रोक लगा सकता है, क्योंकि पहले शाही स्नान पर भी नौकाओं के संचालन पर रोक लगा दी गई थी। इसके लिए नाविकों से भी तैयार रहने को कह दिया गया है। जिला नाविक संघ के अध्यक्ष राजेश निषाद का कहना है कि सुरक्षा के मद्देनजर प्रमुन स्नान पर्वों पर नाव चलाने में रोक लगाई जाती है तो इस पर नाविकों को कोई आपत्ति नहीं लेकिन आम दिनों में इस तरह की रोक लगी तो नाविक इसका विरोध करेंगे।