इलाहाबाद। हनुमत जयंती पर मंगलवार को नगर देव हनुमान की पूजा अर्चना के साथ विविधतापूर्ण सांस्कृतिक अनुष्ठान भी होंगे। त्रिवेणी बांध स्थित बड़े हनुमान मंदिर का मनोहारी शृंगार के बाद शाम पांच बजे आरती, शाम सात बजे छप्पन भोग और रात आठ बजे महामंगल आरती उतारी जाएगी।
इससे पहले त्रिपौलिया स्थित बाल रूप हनुमान मंदिर की हनुमत मानस समिति की ओर से हनुमान जयंती पर सुबह सात बजे मंदिर से आरती, पूजन के बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी जिसमें कई स्कूलों के विद्यार्थियों सहित आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। शाम चार बजे मंदिर परिसर में वेदपाठियों की ओर से वेदपाठ के बाद सुदंरकांड और सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार भजन प्रस्तुत करेंगे।
ककरहा घाट स्थित लेटे हुए दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में शताब्दी हनुमान स्वर्ण जयंती समारोह धूमधाम से मनाया जाएगा। संयोजक जवाहर लाल टंडन के मुताबिक दिन में तीन बजे से छह बजे तक आकर्षक शृंगार, संतों के प्रवचन और भक्ति संध्या होगी। रामबाग स्थित नवग्रह मंदिर में शाम चार बजे सुंदरकांड पाठ के बाद छह बजे पूजन किया जाएगा। बताशा मंडी स्थित बालरूप हनुमान मदिर में शाम को शृंगार और अन्य कार्यक्रम होंगे।दारागंज संकट मोचन मंदिर से सुबह दस बजे शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसी क्रम में निंबार्क आश्रम, हाईकोर्ट हनुमान मंदिर, चक हनुमान मंदिर, कचहरी रोड हनुमान मंदिर, रामबाग हनुमान मंदिर में भी हनुमत जन्मोत्सव मनाया जाएगा।