इलाहाबाद। भगवती की आराधना का पर्व शारदीय नवरात्र मंगलवार से आरंभ होगा। घर-मंदिर घट स्थापना के साथ ही देवी का विविध रूपों में शृंगार किया जाएगा। दुर्गा सप्तशती, शतचंडी के पाठ भी होंगे। पर्व के मद्देनजर घरों और शक्तिपीठों में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
वैसे पंचमी और षष्ठी दोनों ही तिथियां एक ही दिन 20 अक्तूबर को होने के कारण एक तिथि की क्षय होगी और नवरात्र आठ दिनों का ही होगा। शनिवार को सुबह 6.33 बजे तक पंचमी तिथि के बाद षष्ठी तिथि आरंभ होगी लेकिन रविवार को सूर्योदय से पहले 4.17 बजे ही समाप्त हो जाएगी। सूर्योदय के समय सप्तमी तिथि रहेगी। सो षष्ठी तिथि की हानि होने से शनिवार को स्कंदमाता और कात्यायनी दोनों ही स्वरूपों में देवी का शृंगार और दर्शन-पूजन किया जाएगा।
अभिजित मुहूर्त 11.18 से 12.04 बजे तक
मंगलवार को प्रतिपदा के दिन सुबह 8.46 बजे तक चित्रा नक्षत्र रहेगा, पर इसमें कलश स्थापना नहीं की जाती है। ऐसे में कलश स्थापना का सर्वोत्तम मुहूर्त 8.47 बजे से 9.59 बजे तक रहेगा। ज्योतिर्विद आशुतोष वार्ष्णेय के मुताबिक स्थापना का अभिजित मुहूर्त दिन में 11.18 बजे से 12.04 बजे है।
नवदुर्गा स्वरूप में सजेंगी कल्याणी
महाशक्तिपीठ कल्याणी देवी मंदिर में 16 से 24 अक्तूबर तक शारदीय नवरात्र का उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन आभूषणों और अनेक प्रकार के फूलों से देवी का नवदुर्गा स्वरूप में शृंगार होगा। सुबह पांच बजे मंगला आरती के बाद मां का पट दर्शन-पूजन के लिए खुलेगा और शृंगार का दर्शन शाम छह बजे से रात बारह बजे तक किया जा सकेगा। शाम सात बजे देवी की आरती उतारी जाएगी। पुजारी सुशील कुमार पाठक के मुताबिक ग्यारह वैदिक ब्राह्मण सुबह आठ से 11 और शाम चार से सात बजे तक शतचंडी पाठ करेंगे। महानवमी 23 अक्तूबर को शाम सात बजे से परिसर में भंडारा होगा। शक्तिपीठ को बिजली की रंगीन रोशनी से सजाया जा रहा है।