जोसा (ज्वाइंट सीट एलोकेशन अथारिटी) की ओर से पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद आईआईटी, एनआईटी, ट्रिपलआईटी सहित केंद्रीय तकनीकी संस्थानों की 43,445 सीटें भर गईं। पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद एमएनएनआईटी की कुल 1074 सीटों में से 988 भर चुकी हैं। जोसा की ओर से जारी आवंटन में 783 रैंक वाले ने एमएनएनआईटी में प्रवेश लेकर संस्थान का मान बढ़ाया है।
पहले चरण में 43,445 सीटें भर जाने के बाद जोसा ने बुधवार को देर रात खाली 7272 सीटों के लिए सीट आवंटन जारी कर दिया है। सेंट्रल सीट एलोकेशन बोर्ड (सी-सैब) के चेयरमैन एवं एमएनएनआईटी के निदेशक प्रो. राजीव त्रिपाठी ने बताया कि जोसा की ओर से 17 अक्तूबर को 50,700 सीटों का आवंटन जारी किया गया था। इसमें से पहले चरण में 6509 सीटें खाली रह गईं, जबकि 755 सीटों का आवंटन होने के बाद भी समय से डाक्यूमेंट अपलोड न करने और प्रमाणपत्रों का सत्यापन नहीं कराने से कुल मिलाकर 7272 सीटें खाली रह गईं। जोसा की ओर से दूसरे चरण की काउंसलिंग के लिए 7272 सीटें जारी की गई हैं। प्रमाण पत्रों के सत्यापन एवं वेेरीफिकेशन के बाद दूसरे चरण में सीटों का आवंटन होगा।
सी-सैब के चेयरमैन ने बताया कि देश भर में कुल 44 संस्थानों को वेरीफिकेशन सेंटर बनाया गया है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी है कि वेरीफिकेशन अधिकारी से बात कर हर हाल में तय समय की अंतिम सीमा का ध्यान रखते हुए तत्काल जांच पूरी करवा लें। प्रो. राजीव त्रिपाठी का कहना है कि वेरीफिकेशन में पिछड़े तो आपका सीट आवंटन निरस्त हो सकता है। बताया कि जोसा की ओर से छह राउंड की सीट एलाटमेंट की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीसैब की ओर से स्पेशल राउंड का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश भर के संस्थानों में प्रवेश नहीं लेने वाले छात्रों की जगह प्रवेश दिया जाएगा। इस राउंड में वे सभी छात्र भाग ले सकेंगे जो किसी कारण से काउंसलिंग में भाग नहीं ले पाए हैं।