इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय में पहले चरण में दो संकायों के अंतर्गत 92 अध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए शासन से स्वीकृति मिल गई है। इन पदों के लिए जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। हालांकि , स्थायी नियुक्ति होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत रिटायर और अतिथि प्रवक्ताओं की मदद से पढ़ाई शुरू की जाएगी।
कुलपति प्रो. राजेंद्र प्रसाद ने मंगलवार को विश्वविद्यालय से संबद्ध मंडल के कालेज प्रबंधकों और प्राचार्यों के साथ मैराथन बैठक की। बैठक में नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा हुई। कुलपति ने वर्ष भर चलने वाली एकेडमिक गतिविधियों पर भी चर्चा की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में इस साल वाणिज्य एवं व्यापार प्रबंधन तथा मानविकी-समाज विज्ञान एवं अंतरराष्ट्रीय अध्ययन विषयों में परास्नातक की पढ़ाई होगी। दाखिले की प्रक्रिया 15 जुलाई से शुरू कर दी जाएगी। बताया कि 15 जुलाई को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर फार्म अपलोड कर दिया जाएगा। बताया कि इन दोनों संकायों में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के 92 पद स्वीकृत हुए हैं। इन पर जल्द भर्ती की जाएगी।
इलाहाबाद राज्य विश्वविद्यालय से संबद्ध कालेजों को विषयवार सीटों का विवरण भी वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। मंगलवार को प्रबंधकों और प्राचार्यों के साथ बैठक में कुलपति प्रो. राजेंद्र प्रसाद ने दाखिले की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। प्रक्रिया कानपुर विश्वविद्यालय की नियमावली के अंतर्गत पूरी की जाएगी। कुलपति ने बताया कि कालेजों को इसके लिए कोड आदि उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इसके लिए तैयारी कर ली गई है। उन्होंने निर्देश दिया कि कालेेजों में अलग-अलग विषयों में कितने सीट इसका डिटेल भी वेबसाइट पर डाला जाए।