बरेली/मीरगंज। एक महीना पहले नगरिया सादात रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी से चावल की बोरियां चुराने के मामले में आरपीएफ ने दो रेल कर्मियों समेत तीन अन्य को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए लोगों की निशानदेही पर रेलवे स्टेशन के एक कमरे से चुराकर रखी गई चावल की चार बोरियां भी बरामद कीं। चोरी में एक आरोपी को आरपीएफ पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
सोमवार को रामपुर की आरपीएफ ने नगरिया सादात में इमरान के घर पर दबिश देकर उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसने चोरी में शामिल दो अन्य साथियों के नाम भी उगल दिए। आरपीएफ ने दोनों को भी पकड़ लिया है। पकड़े गए आरोपियों में एक रेलवे स्टेशन का सफाई कर्मी विद्याराम और टोकन पोर्टर बेचे लाल है। चोरों की निशानदेही पर रेलवे स्टेशन के ही एक कमरे में छिपाकर रखी चावल की चार अन्य बोरियां भी बरामद हुई हैं। आरपीएफ पकड़े गए तीनों चोरों को रामपुर थाने ले गई। तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके शाम को जेल भेज दिया है। गौरतलब है कि एक महीने पहले चोरों ने नगरिया सादात रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी की एक बोगी से चावल की कुछ बोरियां उतारकर चुरा ली थीं। अगले ही दिन आरपीएफ रामपुर की टीम ने मीरगंज में दबिश देकर नगरिया सादात के इकराम को पकड़ लिया था। उसकी निशानदेही पर रेलवे स्टेशन के पास खेतों में छिपाकर रखी गई चावल की सात बोरियां बरामद भी हुई थीं। आरपीएफ ने मामले में इकराम के अलावा उसके सगे भाई इमरान को भी नामजद किया था लेकिन वह भाग गया था।