शुक्रवार तक पुनर्मूल्यांकन का रिजल्ट नहीं तो सोमवार को होगा घेराव
प्रयागराज। प्राथमिक विद्यालय के लिए 68500 सहायक अध्यापक भर्ती की कापियों के पुनर्मूल्यांकन के बाद परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर परीक्षार्थियों की ओर से धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रहा। परीक्षार्थियों का कहना था कि सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी लगातार कह रहे हैं कि परिणाम एक सप्ताह में जारी होगा। सचिव के आश्वासन के बाद परीक्षार्थियों ने बुधवार को धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया। परीक्षार्थियों ने चेतावनी दी कि यदि शुक्रवार तक परिणाम घोषित नहीं हुआ तो सोमवार को 10 बजे परीक्षार्थी परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन में अनूप सिंह, अंकित वर्मा,विशाल प्रताप, मनबोध, ब्रजमोहन शामिल रहे।
00
एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित करने केलिए घेराव
प्रयागराज। प्रदेश के राजकीय इंटर कॉलेजों के लिए उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से 29 जुलाई को हुई एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा का परिणाम छह महीने बाद भी घोषित नहीं होने से नाराज परीक्षार्थियों ने बुधवार को आयोग कार्यालय पर प्रदर्शन किया। परीक्षार्थियों का कहना था कि एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा 10768 पदों केलिए हुई थी। आयोग के सचिव ने सात फरवरी तक परिणाम घोषित करने का आश्वासन दिया था, छह फरवरी तक परिणाम घोषित नहीं होने पर परीक्षार्थियों ने तय समय सीमा से एक दिन पहले ही घेराव कर दिया। तय समय सीमा से एक दिन पहले परीक्षार्थियों की ओर से घेराव किए जाने से नाराज आयोग के सचिव ने परीक्षार्थियों से मिलने और उनका ज्ञापन लेने से मना कर दिया। परीक्षार्थियों ने बताया कि सचिव का कहना था कि जब उन्होंने सात फरवरी की तिथि परिणाम घोषित करने केलिए दिया था तब एक दिन पहले कैसे घेराव कर दिए। इस बात परीक्षार्थियों ने आयोग के सचिव को चेतावनी दी कि यदि आठ फरवरी तक परिणाम नहीं घोषित हुआ तो प्रतियोगी शांत नहीं बैठेंगे। प्रदर्शन करने वालों में अनिल पाल, विक्की खान, अनिल उपाध्याय, कुलदीप यादव, पंकज राणा, अमितेश यादव, कमल कृष्ण, रमेश कुमार, अखण्ड प्रताप सिंह, अरविंद सरोज सहित बड़ी संख्या में प्रतियोगी शामिल रहे।