यूपी बोर्ड की वर्ष 2025 की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं की शुचिता, गुणवत्ता, विश्वसनीयता एवं विधि व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने 90 पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) नियुक्त कर दिए हैं। इनमें 15 मंडलीय व 75 जिला पर्यवेक्षक शामिल हैं। साथ ही निदेशालय ने इन पर्यवेक्षकों की जिम्मेदारी तय कर दी है।
अपर शिक्षा निदेशक माध्यमिक सुरेंद्र कुमार तिवारी को प्रयागराज मंडल और उप शिक्षा निदेशक छेदी लाल चौरसिया को प्रयागराज जिले का ऑब्जर्वर नियुक्त किया गया है। वहीं, राज्य शिक्षा संस्थान प्रयागराज के प्राचार्य नवल किशोर को फतेहपुर, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान फतेहपुर के उप प्राचार्य संजय कुमार कुशवाहा को प्रतापगढ़ व मुख्यालय प्रयागराज के उप शिक्षा निदेशक राजेंद्र प्रताप को कौशाम्बी का पर्यवेक्षक बनाया गया है।
यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू हो रही हैं। सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों की जिम्मेदारी होगी कि 18 फरवरी तक आवंटित जनपद का भ्रमण कर बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी की समीक्षा कर लें। मंडलीय पर्यवेक्षक अपने आवंटित मंडल के कमिश्नर एवं जनपदीय पर्यवेक्षक अपने आवंटित जिले के डीएम से संपर्क कर उन्हें परीक्षाओं की तैयारी की स्थिति से अवगत कराएंगे। उनसे समन्वय स्थापित कर अन्य तैयारियों की समीक्षा करेंगे।