इविवि की पहली प्रवेश परीक्षा आज
0 बीएएलएलबी की एक सीट पर 37 दावेदार
0 इलाहाबाद समेत सात शहरों में होगी परीक्षा
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) की पहली प्रवेश परीक्षा सोमवार को होगी। बीएएलएलबी की सात मई को होने वाली परीक्षा में एक सीट पर 37 दावेदार हैं। परीक्षा इलाहाबाद समेत सात शहरों में आयोजित की जाएगी। इलाहाबाद में परीक्षा के लिए सात केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा अपराह्न तीन से शाम पांच बजे की पाली में होगी।
बीएएलएलबी में कुल 120 सीटें हैं, जिनके लिए 4439 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है। पिछली बार बीएएलएलबी में प्रवेश के लिए 3427 आवेदन आए थे। यानी इस बार आवेदकों की संख्या एक हजार बढ़ी है। बीए एलएलबी की परीक्षा इलाहाबाद समेत लखनऊ, वाराणसी, गोरखपुर, कानपुर, बरेली और दिल्ली के केंद्रों में आयोजित की जाएगी। इलाहाबाद में कुल सात केंद्र बनाए गए हैं। पांच केंद्रों में ऑफलाइन और तीन केंद्रों में ऑनलाइन मोड में परीक्षा होनी है। बाकी शहरों के केंद्रों में केवल ऑनलाइन मोड में परीक्षा होगी। ऑनलाइन के मुकाबले ऑफलाइन परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों की संख्या अधिक है। कुल आवेदकों में 2870 विद्यार्थी ऑफलाइन और 1569 विद्यार्थी ऑनलाइन परीक्षा देंगे। इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. एचएस उपाध्याय ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
00
कल होगी एमबीए प्रवेश परीक्षा
- एमबीए और एमबीएआरडी की परीक्षा आठ मई को होगी। दोनों में 46-46 सीटें हैं। एमबीए की 46 सीटें इलाहाबाद विश्वविद्यालय और एमबीएआरडी की 46 सीटें जीबी पंत संस्थान में हैं। इन सीटों पर प्रवेश के लिए कुल 1045 आवेदन आए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस बार आवेदनों की संख्या तकरीबन डेढ़ सौ अधिक है।
00
स्नातक के लिए आए 69 हजार आवेदन
- इविवि में स्नातक की प्रवेश 19 एवं 21 मई को आयोजित की जानी है। पांच मई को आवेदन की अंतिम तिथि थी। इस बार स्नातक में प्रवेश के लिए कुल 69018 विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन आए हैं। बीए में प्रवेश के लिए 28097, बीएससी गणित के लिए 22546, बीएससी जीव विज्ञान के लिए 7705, बीकॉम के लिए 9973, होम साइंस के लिए 109, बीएफए के लिए 514 और बीपीए में प्रवेश के लिए 74 आवेदन आए हैं। पिछली बार स्नातक में प्रवेश के कुल 61266 आवेदन आए थे। इस बार आवेदकों की संख्या तकरीबन एक हजार बढ़ी है।