इलाहाबाद। नामांकन पत्रों की बिक्री के साथ इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय और संघठक कॉलेजों में छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई। विश्वविद्यालय में पहले दिन ही 81 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। बृहस्पतिवार को भी नामांकन पत्र लिए जा सकेंगे। इस दौरान छात्रसंघ भवन तथा आसपास के क्षेत्र में काफी चौकसी बरती गई।
नामांकन पत्रों की बिक्री सुबह 10 बजे शुरू होकर दो बजे तक हुई। इस दौरान दावेदारों के आने-जाने का क्रम लगातार जारी रहा। हर पद के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। कई छात्राओं ने भी नामंाकन पत्र लिए। महामंत्री पद के लिए भी एक छात्रा दावेदारी कर रही है। सबसे अधिक अध्यक्ष पद के लिए 18 विद्यार्थी नामांकन पत्र ले गए। उपाध्यक्ष और महामंत्री के 10-10, संयुक्त सचिव के आठ तथा सांस्कृतिक सचिव के सात नामांकन पत्र बिके। संकाय प्रतिनिधि स्नातक कला के लिए 12, कॉमर्स दो, विज्ञान के लिए पांच, विधि के लिए तीन विद्यार्थी फार्म ले गए। चुनाव अधिकारी प्रोफेसर आरके सिंह ने बताया कि परास्नातक और डीफिल वर्ग में कला तथा विज्ञान से दो-दो एवं कॉमर्स और विधि के लिए एक-एक विद्यार्थी फार्म ले गए। इस दौरान छात्रसंघ भवन पर भारी फोर्स तैनात रही। विश्वविद्यालय प्रशासन भी काफी सख्त दिखा। परिचय पत्र देखने के बाद ही छात्र-छात्राओं को परिसर में प्रवेश करने दिया जा रहा था।
000
सीएमपी में पहले दिन ही 12 नामांकन
अध्यक्ष पद के लिए सबसे अधिक चार ने भरा पर्चा, आज भी होगा नामांकन
इलाहाबाद (ब्यूरो)। सीएमपी डिग्री कॉलेज में बुधवार को फार्म की बिक्री के साथ नामांकन भी शुरू हो गया। पहले दिन ही 12 छात्र-छात्राओं ने नामांकन किया। वहीं 60 विद्यार्थी नामांकन पत्र ले गए। नामांकन के दौरान परिसर में काफी गहमा-गहमा रही। अध्यक्ष पद के दो दावेदारों के बीच झड़प भी हुई। अध्यक्ष के लिए नामांकन करने वाले अतुल यादव ने एक अन्य प्रत्याशी पर फार्म फाड़ने का आरोप लगाया। कॉलेज में बृहस्पतिवार को भी फार्म की बिक्री और नामांकन होगा।
नामांकन फार्म की बिक्री सुबह 10 से बजे शुरू हुई। 11 से दो बजे के बीच नामांकन हुआ। अध्यक्ष पद के लिए 17 विद्यार्थी फार्म ले गए। इनमें से चार ने नामांकन किया। उपाध्यक्ष के लिए आठ विद्यार्थी फार्म ले गए और दो ने नामांकन किया। महामंत्री के लिए 10 में से तीन, सांस्कृतिक सचिव के लिए पांच में से दो ने नामांकन किया। संयुक्त सचिव के लिए पांच फार्म बिके। इनके अलावा कला संकाय प्रतिनिधि के लिए आठ, वाणिज्य एवं विज्ञान के लिए तीन-तीन तथा विधि के लिए एक विद्यार्थी नामांकन फार्म ले गया। छात्र नेता जुलूस के साथ नामांकन के लिए पहुंचे। उन्होंने परिसर में भी जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कॉलेज के बाहर जाम की स्थिति भी रही। नामांकन के दौरान परिसर में फोर्स मौजूद रही। चुनाव अधिकारी डॉ.मीना राय का कहना है कि आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
विवि में पकड़े गए पांच बाहरी, हुए पुलिस के हवाले
इलाहाबाद (ब्यूरो)। इलाहाबाद विश्वविद्यालय में जांच के दौरान पांच बाहरी युवक पकड़े गए। उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया है। छात्रसंघ चुनाव के मद्देनजर परिचय पत्र देखने के बाद ही छात्र-छात्राआें को परिसर में प्रवेश दिया जा रहा था। इसके लिए हर गेट पर प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम मौजूद रही। इसके अलावा चीफ प्रॉक्टर प्रोफेसर हर्ष कुमार ने पुलिस फोर्स के साथ परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान पांच युवक बिना परिचय पत्र के पकड़े गए। प्रोफेसर कुमार का कहना है कि विद्यार्थी परिचय पत्र लेकर ही परिसर में प्रवेश करें। अन्यथा, उन्हें परेशानी उठानी पड़ सकती है।
विवि के छात्र 22 को बनवा लें परिचय पत्र
इलाहाबाद (ब्यूरो) इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र-छात्रा 22 सितंबर को दिन में 9.30 बजे से चार बजे के बीच चीफ प्रॉक्टर ऑफिस में संपर्क कर परिचय पत्र बनवा लें। इसके बाद छात्रसंघ चुनाव तक परिचय पत्र नहीं बनेगा। चीफ प्रॉक्टर ने बताया कि इसके लिए विद्यार्थियों को दो रंगीन फोटोग्राफ, फीस रसीद और उसकी छायाप्रति साथ लानी होगी।
एडीसी में जुलूस निकालने पर हंगामा
इलाहाबाद (ब्यूरो)। इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में बुधवार को नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हुई। फार्म 22 सितंबर को भी मिलेगा। कॉलेज में नामांकन 23 सितंबर को होगा लेकिन उससे पहले ही वहां जुलूस और नारेबाजी का दौर तेज हो गया है। ज्यादातर छात्र नेता फार्म लेने के लिए जुलूस के साथ पहुंचे। इससे तनाव बना रहा। साथ में आने-जाने वालों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय में भी नामांकन पत्राें की बिक्री शुरू हुई। वहां भी 23 सितंबर को नामांकन होगा।
छात्र स्वंतत्रता संघर्ष उतारेगा प्रत्याशी
इलाहाबाद (ब्यूरो)। छात्र स्वतंत्रता संघर्ष की बुधवार को हुई बैठक में इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में भागीदारी करने का निर्णय लिया गया। कला संकाय प्रतिनिधि के लिए अब्दुल्ला सादिक और विधि के लिए पियुषिका तिवारी प्रत्याशी होंगी। उपाध्यक्ष पद के लिए आदिल हमजा के समर्थन की घोषणा की गई। संगठन ने सीएमपी में विकास त्रिपाठी को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के लिए प्रतिनिधि रितेश, महामंत्री के लिए राजेंद्र कुमार तथा कला संकाय प्रतिनिधि के लिए संदीप मौर्य को प्रत्याशी बनाया है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी में प्रतिनिध साकिर अली अध्यक्ष पद के उम्मीदर होंगे। बैठक में रवि कुमार, मो.जाबिर, सौरभ आदि मौजूद रहे।
000
कुलभास्कर आश्रम में छात्रसंघ चुनाव की मांग
इलाहाबाद (ब्यूरो)। कुलभास्कर आश्रम परास्नातक महाविद्यालय में भी छात्रसंघ बहाली की मांग तेज हो गई है। छात्रों के एक गुट ने बुधवार को परिसर में हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान में शशांक शेखर पांडेय, अंकित मिश्र, हर्षित सिंह, कृष्णकांत दुबे आदि शामिल रहे।