मंझनपुर। कानपुर से घर लौट रहे चित्रकूट जिले के एक युवक का रविवार रात चलती बस में जहरखुरान सामान लेकर चंपत हो गया। बेहोशी की हालत में बस चालक उसे ओसा चौराहे पर उतारकर फरार हो गया। पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्थानीय पुलिस घटना की जानकारी से इनकार कर रही है।
चित्रकूट के राजापुर कस्बे का संदीप (32) पुत्र मधुबन कानपुर में प्राइवेट नौकरी करता है। रविवार शाम वह बस से सैनी आया। इसके बाद राजापुर जाने के लिए परिवहन निगम की दूसरी बस पर सवार हो गया। संदीप के मुताबिक रास्ते में उसकी बगल की सीट पर बैठे एक युवक ने उसको पानी पिलाया। इसके बाद होश ही नहीं रहा। रात करीब 11 बजे ओसा चौराहे पर लोगों ने संदीप को बेहोश पड़ा देखा तो एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी। होश में आने के बाद संदीप ने बताया कि जहरखुरान जेब से करीब 35 हजार रुपये, मोबाइल फोन व गले से सोने की चेन लेकर भाग गया। माना जा रहा है कि घटना की जानकारी होने पर रोडवेज बस चालक संदीप को ओसा चौराहे पर उतारकर फरार हो गया होगा। मामले में नगर कोतवाल अजीत कुमार पांडेय का कहना है कि उन्हें किसी ने घटना की तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।