तैयारियों की आज समीक्षा करेंगे चेयरमैन रेलवे बोर्ड
0 सुबह मगध एक्सप्रेस से इलाहाबाद पहुंचेंगे सीआरबी एके मित्तल
0 रेलवे बोर्ड के मेंबर इलेक्ट्रिक और जीएम ईसीआर भी आ रहे इलाहाबाद
इलाहाबाद। अर्द्ध कुंभ मेले से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा के लिए चेयरमैन रेलवे बोर्ड (सीआरबी) एके मित्तल शुक्रवार की सुबह इलाहाबाद पहुंच रहे हैं। यहां इलाहाबाद जंक्शन का निरीक्षण करने के बाद उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) मुख्यालय जाएंगे। मुख्यालय में रेलवे बोर्ड के सदस्य इंजीनियरिंग, जीएम पूर्व मध्य रेलवे (ईसीआर), जीएम एनसीआर आदि अफसरों के साथ बैठक करेंगे। दिन में इलाहाबाद से मुगलसराय के बीच उनके विंडो निरीक्षण का भी कार्यक्रम है।
सीआरबी एके मित्तल सुबह पांच बजे के आसपास गाड़ी संख्या 12402 मगध एक्सप्रेस से इलाहाबाद पहुंचेंगे। यहां उनकी अगुवाई जीएम एनसीआर एमसी चौहान और एडीआरएम एके द्विवेदी द्वारा की जाएगी। सीआरबी द्वारा सुबह ही इलाहाबाद जंक्शन का निरीक्षण किया जा सकता है। सुबह दस बजे वह एनसीआर हेडक्वार्टर में मेंबर इलेक्ट्रिक, जीएम एनसीआर और जीएम ईसीआर के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान एनसीआर जोन में हो चुके और होने वाले कार्यों पर चर्चा की जाएगी। वर्ष 2019 में लगने वाले अर्द्धकुंभ मेले से जुड़ी तैयारियों के बारे में भी अफसरों से जानकारी ली जाएगी। इस दौरान डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर (डीएफसी) और पूर्व मध्य रेलवे द्वारा किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी। दिन में तीन बजे सीआरबी इलाहाबाद-मुगलसराय रेलखंड का विंडो निरीक्षण करेंगे।