आठ दिन बाद लखनऊ रूट के यात्रियों को मिली राहत
0 शुरू हुआ नौचंदी, हरिद्वार, गंगा गोमती आदि ट्रेनों का संचालन
प्रयागराज। लखनऊ रूट के रेल यात्रियों को आठ दिन बाद राहत मिल ही गई। इस रूट के लखनऊ और रायबरेली रेलखंड के दोहरीकरण कार्य के चलते 17 अप्रैल से निरस्त चल रही तमाम ट्रेनों का संचालन रेलवे ने बृहस्पतिवार से शुरू कर दिया। ट्रेनों की शुरूआत होने से यात्रियों को भी खासी राहत मिली। आठ दिन बाद प्रयागघाट से नौचंदी, हरिद्वार एक्सप्रेस, प्रयाग-बरेली पैसेंजर, प्रयाग-लखनऊ पैसेंजर आदि ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ।
दरअसल, दोहरीकरण कार्य के चलते रेलवे ने इस रूट की तमाम ट्रेनें निरस्त कर दी थीं। इस वजह से यात्रियों को खासी दिक्कत हो रही थी। 23 एवं 24 अप्रैल को गंगा गोमती, लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के निरस्त होने से यात्री कुछ ज्यादा ही परेशान हुए। फिलहाल अब बृहस्पतिवार से संबंधित रूट पर रेल संचालन सामान्य हो गया है। काफी संख्या में लखनऊ रूट के यात्रियों ने संबंधित ट्रेनों में सफर भी किया।