आयोग के नए कैलेंडर में भी फंसेगा पेच
0 परीक्षाओं की अधिकता के साथ प्रभावित होंगी प्रतियोगियों की तैयारियां
0 परीक्षाओं का अलग-अलग है सेलेबस, तैयारी के लिए कम मिलेगा वक्त
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने जनवरी से जून तक का जो अर्धवार्षिक कैलेंडर जारी किया था, उसमें शामिल ज्यादातर परीक्षाएं अब टल चुकी हैं। आयोग को अब अगला अर्धवार्षिक कैलेंडर जारी करना है, जिसमें जुलाई से दिसंबर तक की प्रस्तावित परीक्षाएं शामिल की जाएंगी। इस कैलेंडर में पुरानी और नई परीक्षाएं होंगी। परीक्षाओं की अधिकता के कारण प्रतियोगियों को तैयारी के लिए वक्त कम मिलेगा। साथ ही दूसरी भर्ती संस्थाओं की परीक्षाओं से उनकी तिथि टकराने की आशंका भी बनी रहेगी। ऐसे में आयोग के नए कैलेंडर में भी पेंच फंसेगा।
आयोग के पहले अर्धवार्षिक कैलेंडर में शामिल अपर निजी सचिव (कंप्यूटर ज्ञान) परीक्षा-2013, प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (स्क्रीनिंग) परीक्षा-2017, एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा-2018, पीसीएस जे परीक्षा-2018, पीसीएस मुख्य परीक्षा-2017 और पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2018 टल चुकी है। इसमें केवल एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा-2018 की नई तिथि आयोग ने घोषित की है। यह परीक्षा छह मई की जगह 24 जून को प्रस्तावित की गई है। बाकी परीक्षाओं के लिए नई तिथि अभी घोषित नहीं की गई है। आयोग के अफसर कह रहे हैं कि टाली गई सभी परीक्षाओं को अब अगले अर्धवार्षिक कैलेंडर में शामिल किया जाएगा। इसके लिए पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2017 के परिणम संशोधन के मसले पर सुप्रीमकोर्ट के आदेश का इंतजार किया जा रहा है। नए कैलेंडर में पुरानी परीक्षाओं के साथ कई नई परीक्षाएं भी शामिल की जाएंगी। आयोग के कैलेंडर में परीक्षाओं की संख्या काफी अधिक हो जाएगी। सभी परीक्षाओं को अलग-अलग सेलेबस हैं। ऐसे में प्रतियोगी छात्रों को परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए काफी कम समय मिलेगा।