फूलपुर। फूलपुर इलाके में अहियापुर गांव के सामने 24 अगस्त की रात ट्रक चालक और खलासी को अगवा कर बदमाशों ने ट्रक लूट लिया था। आगे जाकर चालक और खलासी को फेंककर भाग निकले थे। फूलपुर पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से मंगलवार आधी रात वरुणा पुल के पास से आधा दर्जन बदमाशों को गिरफ्तार कर लूटे गए ट्रक और सरिया को बरामद कर लिया। ट्रक में लोड सरिया की कीमत 17 लाख रुपये के आसपास है।
ट्रक चालक मनोज कुमार और खलासी आशीष छत्तीसगढ़ से सरिया लादकर लखनऊ जा रहे थे। 24 अगस्त की रात बोलेरो से आए बदमाशों ने ट्रक लूट लिया था। एसओ फूलपुर वीरेंद्र यादव और एसआई ओमशंकर शुक्ला ने मंगलवार रात घेरेबंदी कर रामानंद यादव उर्फ मामा निवासी कादीपुर आजमगढ, धर्मेंद्र यादव निवासी जहानागंज आजमगढ़, शिवानंद चौबे उर्फ सोनू आजमगढ़, दुर्गा जायसवाल निवासी मऊ, संतोष राय उर्फ गोलू निवासी आजमगढु, और पिंटू यादव को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में बदमाशों के पास से तीन तमंचा, चार कारतूस, लूटा गया ट्रक और घटना में इस्तेमाल बोलेरो बरामद हुई। लूटे ट्रक पर लोड सरिया बदमाशों ने सरिया दुकानदार दुर्गा जायसवाल के यहां बेची थी। इस गिरोह ने आसपास के जनपदों में ट्रक लूट की कई घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली है।