माघ मेला के लिए 58 करोड़ स्वीकृत
0 प्रशासन को फिलहाल राहत, 2018 के बराबर बजट को मिली सैद्धांतिक सहमति
प्रयागराज। माघ मेला की तैयारी में जुटे प्रशासन का बजट को लेकर संकट कुछ हद तक दूर हो गया है। शासन ने 2018 माघ मेला के बराबर बजट को सैद्धांतिक सहमति दे दी है। इस तरह से आगामी माघ मेला के लिए 58 करोड़ रुपये स्वीकृत हो गए हैं। शेष बजट पर अभी निर्णय नहीं हुआ है।
माघ मेला को मिनी कुंभ के तौर पर देखा जा रहा है। इसके मद्देनजर अलग-अलग विभागों की ओर से 150 करोड़ रुपये से अधिक का बजट तैयार किया गया था, जो 2018 माघ मेला की तुलना में करीब तीन गुना रहा। शासन की आपत्ति के बाद 126 करोड़ रुपये का संशोधित बजट भेजा गया लेकिन उस पर भी अभी तक निर्णय नहीं हो सका है। इससे माघ मेला की तैयारी प्रभावित हो रही थी। पूरे बजट पर अब भी कोई निर्णय नहीं हुआ है लेकिन 2018 में खर्च हुई राशि के बराबर बजट की स्वीकृति शासन ने दे दी है। सिटी मजिस्ट्रेट रजनीश मिश्र ने बताया कि इसी के अनुरूप काम शुरू कर दिया गया है।
उधर, माघ मेला की तारीख नजदीक आने के साथ संगम क्षेत्र में तैयारी भी तेज हो गई है। संगम के पास सेक्टर एक और दो में जमीन के समतलीकरण का काम पूरा हो चुका है। तीन और चार में भी काम शुरू हो गया है। मेला कुल पांच या छह सेक्टर में लगाया जाएगा।