खुला कोठार का ताला, हाजिरी में बीता दिन
यूपी बोर्ड के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का पहला दिन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। यूपी बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के पहले दिन कोठार का ताला तो खुला, मगर पूरा दिन हाजिरी में ही बीत गया। इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों का एक-एक पेपर होने के कारण इस वर्ष मात्र 1.56 लाख ही कापियां मिली हैं।
शहर के चार मूल्यांकन केंद्रों पर शुक्रवार से उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का दौर प्रारंभ हो गया है। जीआईसी, तिलक इंटरकालेज, केपी इंटर कालेज और पीबी इंटर कालेज को मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है। हालांकि शुक्रवार को पहले दिन अधिकांश परीक्षकों का समय मुलाकात करने और हाजिरी लगाने में ही बीत गया। मूल्यांकन केंद्रों पर भी आधी-अधूरी तैयारी होने के कारण काम प्रारंभ नहीं हुआ। शहर के जीआईसी में तो कोठार खुला, मगर अधिकांश केंद्रों पर कोठार ही नहीं खुले। परीक्षकों का विषय गलत होने के कारण अधिकांश लोगों को एक से दूसरे केंद्र भटकना पड़ा। डीआईओएस एसपी यादव ने बताया कि पहला दिन होने के कारण वह प्रगति देखने को नहीं मिली, मगर शनिवार से तेजी आ जाएगी।