सुविधा देने में मेला प्रशासन से आगे संत, बनवा रहे लग्जरी अस्पताल
0 मेला के सेक्टर 15 में प्रखर परोपकार मिशन की ओर से बनाया जा रहा है अस्पताल
0 आईसीयू की रहेगी सुविधा, सामान्य वार्ड में 50 बेड के साथ 20 प्राइवेट वार्ड
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कुंभ मेले में इस बार श्रद्धालुओं को सुविधा देने के मामले में संतों ने मेला प्रशासन को भी पीछे कर दिया है। मेला प्रशासन की ओर से इस बार परेड ग्राउंड में भले ही 100 बेड का केंद्रीय चिकित्सालय बनाया गया हो लेकिन सेक्टर 15 में श्री प्रखर परोपकार मिशन की ओर से बनाया जा रहा अस्पताल बनने के पूर्व ही सुर्खियों में आ गया है। इस अस्पताल में ओपीडी तो रहेगी ही, साथ ही इसमें ऑपरेशन थियेटर, वेंटीलेटर एवं आईसीयू की भी सुविधा दी जा रही है। खास बात ये कि इस अस्पताल में माह भर देश के जाने माने चिकित्सक नि:शुल्क मरीजों को परामर्श देंगे। यहां मरीजों का इलाज भी फ्री में ही होगा।
श्री प्रखर परोपकार मिशन की ओर से इस अस्पताल का निर्माण मेला क्षेत्र के सेक्टर 15 स्थित कल्पवासी थाने के सामने किया जा रहा है। महानिर्वाणी अखाड़ा के महामंडलेश्वर प्रखर जी महाराज इस लग्जरी अस्पताल का शुभारंभ 12 जनवरी को करेंगे। 14 फरवरी तक अस्पताल संचालित होगा। इस अस्पताल में 50 बेड सामान्य वार्ड के एवं 20 प्राइवेट वार्ड रहेंगे। अस्पताल में सीबीसी सेल काउंटर, यूरीन एनालाइजर, एक्सरे एवं हार्ट पेशेंट के लिए लाइफ सपोर्ट मशीन (वेंटीलेटर) की सुविधा रहेगी। मिशन के प्रबंधक डा. आचार्य बृजेश शास्त्री के मुताबिक चार एंबुलेंस भी 24 घंटे तैनात रहेंगी। एक्सीडेंट वाले केस भी अस्पताल में लिए जाएंगे। इसके अलावा अस्पताल में हड्डी रोगियों के लिए फिजियोथेरपी की सुविधा रहेगी। इसमें मरीजों से किसी भी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। यहां सिर्फ सेवाभाव से ही काम किया जाएगा। अस्पताल के लिए दो हेल्पलाइन नंबर मेला क्षेत्र के तमाम स्थानों पर लगाए जाएंगे। प्रयागराज से रिटायर हुए पूर्व सीएमओ डा.पीके सिन्हा इस अस्पताल के अधीक्षक के रूप में काम करेंगे।
इन चिकित्सकों की मिलेगी सेवा
0 रायसिंह नगर के डा. आईसी मूंदड़ा (कार्डियोलॉजिस्ट), जोधपुर के डा. ओम शाह (आर्थोपेडिक), कानपुर के डा. राजेंद्र नाथ (एफआारसीएस आर्थोपेडिक), शीरपुर धुले महाराष्ट्र के डा. पंकज सोनेवाल (फिजिशियन), अयोध्या के डा. जीसी पाठक (एमएस आर्थोपेडिक ), लखनऊ के डा. अनुराग टंडन (एमएस आर्थोंपेडिक), अलीगढ़ मेडिकल कालेज के डा. एससी शर्मा (एमएस ईएनटी) माह भर अपनी सेवा देंगे।