तत्काल कोटे के तहत टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को अगले माह से राहत मिल सकती है। चर्चा है कि अगले माह से तत्काल कोटे का रिजर्व टिकट वापस करने पर 50 फीसदी राशि लौटाने की प्रक्रिया रेलवे शुरू कर सकता है। जुलाई माह में रेलवे बोर्ड सभी जोनल रेलवे को इस बाबत आदेश जारी करने जा रहा है।
रेलवे ने तत्काल टिकट की कालाबाजारी रोकने के लिए नियम जारी किया था कि तत्काल कोटे के तहत ट्रेनों में बर्थ बुक कराने के बाद अगर यात्री किसी कारण से अपना टिकट निरस्त करवाता है तो उसे रिफंड नहीं मिलेगा। रेलवे की इस व्यवस्था से यात्रियों को खासी परेशानी हो रही थी। किसी कारण से अगर तत्काल कोटे का टिकट यात्री निरस्त करवाना चाहते हैं, तो उन्हें रिफंड में एक रुपये भी न दिए जाने का प्रावधान है। यात्रियों की इस समस्या के मद्देनजर अब रेलवे की तैयारी है कि तत्काल कोटे के तहत अगर यात्री अपनी टिकट निरस्त करवाते हैं तो उन्हें 50 फीसदी राशि लौटा दी जाए।
बताया जा रहा है कि इसके लिए रेलवे के क्रिस सॉफ्टवेयर को अपग्रेड किया जा रहा है। बता दें कि उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) जोन में हर रोज काफी तादाद में यात्री ट्रेनों की विभिन्न श्रेणियों में रिजर्वेशन कराने के लिए तत्काल कोटे का इस्तेमाल करते हैं। इसमें से बहुत से ऐसे यात्री हैं जिन्हें विभिन्न कारणों से अपनी यात्री निरस्त करनी पड़ती है। अब नई व्यवस्था के तहत ऐसे यात्रियों को आधा रिफंड मिलने लगेगा। जुलाई माह से इसके प्रभावी होने की संभावना है।