जवाब सही तो कटिंग पर भी होगा मूल्यांकन
0 प्रयागराज में यूपी बोर्ड परीक्षा की कॉपियां जांचने का काम शुरू
0 पहले दिन सात केंद्रों में जांची गईं 18 हजार से अधिक कॉपियां
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। यूपी बोर्ड की परीक्षा में कोई परीक्षार्थी अगर सही जवाब लिखकर आया है और उस पर कटिंग है तो भी उस जवाब का मूल्यांकन होगा। यूपी बोर्ड की ओर से यह दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। इसके साथ ही रविवार से प्रयागराज के भी सात केंद्रों में मूल्यांकन का काम शुरू हो गया है। पहले दिन 18 हजार से अधिक कॉपियां जांचीं गईं।
प्रदेश के 230 केंद्रों में एक लाख 24 हजार परीक्षकों को मूल्यांकन कार्य में लगाया गया है। पंद्रह दिन में कुल तीन करोड़ 20 लाख कॉपियां जांचीं जानी हैं। इस बीच यूपी बोर्ड की ओर से दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं कि अगर किसी परीक्षार्थी ने सही उत्तर दिया है और उस पर कटिंग है तो भी कॉपी का मूल्यांकन होगा, क्योंकि कोई परीक्षा में सही उत्तर लिखने के बाद खुद उसे क्यों काटेगा। परीक्षार्थी के साथ किसी तरह का अन्याय न हो, सो यह दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की कॉपियों का मूल्यांकन आठ मार्च से शुरू हो चुका है, लेकिन प्रयागराज में टीजीटी की परीक्षाओं के कारण निर्धारित तिथि पर मूल्यांकन कार्य शुरू नहीं कराया जा सका। रविवार से मूल्यांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। प्रयागराज में सात केंद्रों में तकरीबन साढे़ चौदह लाख कॉपियों का मूल्यांकन किया जाना है। पहले दिन कुल 18 हजार 875 कॉपियों को मूल्यांकन किया गया। सोमवार से मूल्यांकन कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
राजकीय इंटर कॉलेज में हाईस्कूल एवं इंटर की 1200, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में इंटर की 8679, भारत स्काउट एंड गाइड इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 1300, क्रॉस्थवेट गर्ल्स इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की 6446, डॉ. केएन काटजू इंटर कॉलेज में इंटर की 700 और केपी इंटर कॉलेज में इंटर की 550 कॉपियां जांची गईं। अग्रसेन इंटर कॉलेज को भी मूल्यांकन केंद्र बनाया गया है लेकिन वहां पहले दिन किसी कॉपी का मूल्यांकन नहीं हुआ। वहां हाईस्कूल की कॉपियां जांची जानी हैं।
मूल्यांकन के बहिष्कार का निर्णय वापस
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (चेतनारायण गुट) ने मूल्यांकन के बहिष्कार का निर्णय शासन से हुई वार्ता के क्रम में वापस ले लिया है। रविवार को हुई संघ की बैठक में जिलाध्यक्ष विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताय कि अगर तय समय पर सरकार ने सही कदम नहीं उठाया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बैठक में महेश चंद्र यादव, मनोज कुमार सिंह, एनपी त्यागी, हबीबउर रहमान, सुरेंद्र प्रताप सिंह, दिवाकर भारतीय, तहव्वर हुसैन खां, डॉ. प्रमोद गुप्ता, कंचन सिंह चंदेल, मुनेश सिंह आदि मौजूद रहे।