भाजपा सांसद श्यामा चरण गुप्ता केे पुत्र विदुप अग्रहरि ने भाजपा के खिलाफ बगावती तेवर दिखाएं हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनके पिता को भाजपा ने टिकट नहीं दिया तो वे निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
रविवार को सिविल लाइंस स्थित एक रेस्टोरेंट में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि ऐसी चर्चा है कि भाजपा इस बार इलाहाबाद से श्यामा चरण गुप्ता को टिकट नहीं दे रही है। अगर ऐसा है तो अपने पिता के स्थान पर वह स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। विदुप ने कहा कि पिछले पांच साल के कार्यकाल में उनके पिता ने इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र में विकास के तमाम कार्य किए। विकास की उस गति को मैं आगे बढ़ाना चाहता हूं।
कहा कि भाजपा ने 12-12 सांसदों के पुत्रों को टिकट दिए हैं एवं दे रही है तो फिर सांसद पुत्र होने की सजा मुझे क्यों मिल रही है, इससे मैं अनभिज्ञ हूं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता को जगह-जगह अपमानित करने का भी काम किया गया। पिता के इस अपमान को सम्मान में बदलने के लिए कृतसंकल्प हूं। सपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर ऐसा कोई ऑफर मिलता है तो उसपर विचार किया जाएगा।