प्रतिबंध पर कैसे हो यकीन, जब बाजारों में कुंतलों पॉलिथीन
नगर निगम में दूसरे दिन भी जमा कराने नहीं आया कोई, जांच में 60 किलो पॉलिथीन जब्त, 5 हजार जुर्माना
कटरा, चौक, रामबाग, कीडगंज, बाई का बाग इलाके में दुकानों की जांच
कार्रवाई से डरे दुकानदार शटर गिराकर भागे, कुछ ने दिखाए पेपर बैग
इलाहाबाद। बाजारों में कुंतलों प्रतिबंधित पॉलिथीन के उत्पाद (खासकर कैरी बैग) दुकानदारों ने डंप कर लिए हैं। पकड़े जाने के भय से अभयदान के दूसरे दिन बुधवार को एक भी व्यक्ति पॉलिथीन जमा कराने नगर निगम या जोनल कार्यालयों में नहीं पहुंचा। वहीं नगर निगम के अफसरों ने बुधवार को प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाकर करीब 60 किलो कैरी बैग आदि (पालिथीन) जब्त किए।
जिले भर में 50 माइक्रॉन से कम की पॉलिथीन उत्पादों की भरमार है। गांव हो या शहर, मोहल्ले की सड़क हो या गली, हर दुकान पर कम से कम पांच किलो तक कैरी बैग मौजूद हैं। कैरी बैग और गैलन आदि के थोक विक्रेताओं के गोदाम स्टाक से भरे हैं। पालिथीन पर प्रतिबंध के बाद अचानक हुई सख्ती से सहमे लोग बिना कार्रवाई पॉलिथीन जाम कराने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
वहीं नगर आयुक्त अविनाश सिंह के निर्देश पर कटरा, चौक, रामबाग, कीडगंज, बाई का बाग इलाके में दुकानों की सघन जांच कर दुकानदारों को चेतावनी दी कि पॉलिथीन की वस्तुएं प्रयोग में लाए तो एक लाख तक जुर्माना और एक साल की जेल हो सकती है। कार्रवाई के दौरान हड़कंप की स्थिति रही। कई दुकानदार शटर गिराकर भाग निकले। कुछ ने खुद को आदेश का पालन करने वाला बताते हुए पेपर बैग दिखाए। कटरा में 50 किलो, चौक में सिर्फ एक किलो और कीडगंज, रामबाग, बाई का बाग में साढ़े तीन किलो कैरीबैग जब्त किए गए। मौके पर ही करीब 5000 रुपये जुर्माना वसूला गया।
--------------
पॉलिथीन की शवयात्रा निकाल जमा कराएंगे कैरी बैग
इलाहाबाद। शहरियों को प्रतिबंधित पॉलिथीन का इस्तेमाल न करने के लिए नगर निगम अजब तरीके से जागरूक कर पॉलिथीन जमा कराएगा। अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास के मुताबिक सभी जोनों में प्रतिदिन 11 बजे से पॉलिथीन की शवयात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान लोगों को प्रतिबंधित पॉलिथीन से होने वाले नुकसान के बारे में बताया जाएगा। लोगों को यह सुविधा रहेगी कि वे अपने प्रतिष्ठान और घरों में रखी पॉलिथीन प्रतीकात्मक शवयात्रा के साथ चल रहे नगर निगम के वाहन पर फेंक या दे सकते हैं। बृहस्पतिवार को इसकी शुरुआत भारद्वाज आश्रम के बगल सेंट अंथोनी इंटर कॉलेज से शाम 3.30 बजे होगी।