कटीले तारों से घेरा जाएगा सीबीआई का कैंप ऑफिस
0 महत्वपूर्ण दस्तावेजों को सुरक्षित रखने की कवायद तेज
0 कैंप कार्यालय पर बढ़ाई जा रही सुरक्षाकर्मियों की संख्या
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की भर्ती परीक्षाओं की जांच कर रही सीबीआई टीम की ओर से शासन स्तर पर सुरक्षा का मुद्दा उठाए जाने के बाद सीबीआई कैंप ऑफिस की सुरक्षा को लेकर गतिविधियां तेज हो गईं हैं। कैंप ऑफिस को लोहे के कटीले तारों से घेरे जाने की योजना है। इसके अलावा सुरक्षाकर्मियों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। अफसरों को आशंका है कि कैंप ऑफिस में जब पूछताछ की प्रक्रिया शुरू होगी, तब हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो सकती है और इन परिस्थितियों से निपटने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा की जरूरत पड़ेगी।
सीबीआई टीम ने अपनी जांच को आगे बढ़ाते हुए यूपीपीएससी से भर्ती परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेज तलब किए हैं। सूत्रों का कहना है कि मूल दस्तावेज हों या सर्टिफाइड कॉपियां, सभी अभिलेख गोविंदपुर स्थित सीबीआई कैंप ऑफिस में रखे जा रहे हैं। ऐसे में अभिलेखों की सुरक्षा सीबीआई के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। मामला शासन तक पहुंचने के बाद पुलिस और जिला प्रशासन की ओर से सीबीआई को आवश्यक संसाधन मुहैया कराए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सूत्रों का कहना है कि सीबीआई कैंप ऑफिस को चारों तरफ से लोहे के कटीले तारों से घेरे जाने की तैयारी है।
कैंप ऑफिस की दीवार की ऊंचाई काफी कम है और कोई भी आसानी से दीवार को फांद सकता है। ऐसे में कटीले तार लगाए जाने से सुरक्षा और बेहतर होगी। इसके अलावा सीबीआई कैंप ऑफिस में पूछताछ कक्ष भी तैयार किया जा रहा है। जल्द ही सीबीआई कैंप ऑफिस में पूछताछ की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। जिनसे पूछताछ की जानी हैं, उनमें आयोग के कुछ प्रतिनिधियों के साथ पूर्व में चयनित अभ्यर्थी भी हैं। सीबीआई को आशंका है कि पूछताछ शुरू होने पर कैंप ऑफिस में भीड़ बढ़ेगी और ऐसे में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने पड़ेंगे।