इलाहाबाद। रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन में तीन दिन से चल रही शैक्षिक प्रदर्शनी शनिवार को सम्पन्न हो गई। प्रदर्शनी में बच्चों की प्रतिभा की सभी अतिथियों ने सराहाना करने के साथ उन्हें पुरस्कृत किया। इस दौरान विज्ञान, गणित, हिंदी, अंग्रेजी, सुलेख, गीता श्लोक, मानस चौपाई, वीर रस सहित विविध विषयों पर छात्रों ने अपनी प्रतिभा के दर्शन कराए। शैक्षिक प्रतियोगिताओं के समापन के अवसर पर मुख्य अतिथि हाईकोर्ट बार के पूर्व अध्यक्ष राधाकांत ओझा एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. यज्ञदत्त शर्मा ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना की। इस दौरान 40 छात्रों को स्वर्ण, 39 को रजत एवं 41 को कांस्य पदक मिले।
अतिथियों ने बच्चों की ओर से तैयार चार्ट-मॉडल की सराहना की। बच्चों ने एसिड रेन, स्मार्ट सिटी, एचआईवी, स्वाइन फ्लू, डेंगू, रोबोट, क्विज बोर्ड, नाभिकीय रियेक्टर, मानव शरीर की संरचना सहित कई अन्य विषयों पर अपनी प्रस्तुति दी। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक विमल कुमार जैन, कोषाध्यक्ष अरूण अग्रवाल, प्रधानाचार्य आत्मा नंद सिंह, संजय कुमार मिश्र, अजय कुमार दुबे ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया।