प्रयागराज। वित्तीय वर्ष 2020-21 के आय-व्यय मदों में माघ मेला के तहत प्राविधानित 50 करोड़ रुपये के सापेक्ष शासन ने 31.70 करोड़, 56 हजार रुपये व्यय करने की अनुमति प्रदान की है। इसके तहत माघ मेला-2019-20 के आयोजन में कार्यदायी विभागों की बकाया देनदारियों के भुगतान के लिए 10 करोड़ रुपये अवशेष धनराशि के भुगतान की भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसी के साथ संगम की रेती पर संतों-भक्तों के समागम के रूप में माघ मेला बसाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। पिछले मेले में कराए गए कार्यों का बकाया भुगतान न होने की वजह से ठेकेदारों ने इस बार सड़क , पुल व बिजली कार्यों के डेंटर के बहिष्कार की धमकी दी थी। इससे पहले डीएम ने माघ मेला के पिछले कार्यों के बकाये भुगतान के लिए 44.52 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान करते हुए धन अवमुक्त करने के लिए शासन से अनुरोध किया था।
इस बीच कोविड-19 के संक्रमण से बचाव की व्यवस्था करते हुए संगम की रेती पर माघ मेला बसाने की तैयारियां आरंभ हो गई हैं। सामाजिक दूरी का पालन कराने के लिए इस बार मेला सेक्टर बढ़ाए जाएंगे। संतों और कल्पवासियों के शिविरों को दूर-दूर बसाया जाएगा। इसके साथ ही अभी यह भी तय किया जा रहा है कि इस माघ मेले में कितनी धार्मिक-सांस्कृत संस्थाओं को बसाया जाए। मेले में चार से पांच हजार संस्थाओं के शिविर लगते रहे हैं। ऐसे में इस बार संस्थाओं की बजाए कल्पवासियों को बसाने की योजना तैयार की जा रही है।
माघ मेला में पांच लाख से अधिक कल्पवासी आते रहे हैं। इसके अलावा दंडीबाड़ा, आचार्यबाड़ा, खाकचौक के अलावा कुछ परंपरागत अखाड़ों के लिए भी भूमि आवंटित की जा सकती है। ताकि मेले का स्वरूप बना रहे। इसी के साथ गंगा पर पांटून पुलों और चकर्ड प्लेट मार्गों के अलावा बिजली, पानी व अन्य इंतजामों की तैयारी तेज कर दी गई है। इस बार कोविड-19 के संक्रमण की वजह से अभी तक माघ मेले की तैयारी पूरी नहीं हो सकी है। हालांकि पांटून पुलों, मार्गों के अलावा बिजली, पानी, सफाई व सुरक्षा से जुड़ी फाइलें तैयार कर ली गई हैं। इसके लिए विभागवार प्रस्ताव भी शासन को भेजा जा चुका है।
माघ मेला के भुगतान के लिए शासन की ओर से धन अवमुक्त किए जाने की जानकारी मिली है। इस संबंध में विभागवार देनदारियों पर डीएम के निर्देश पर निर्णय लिया जाएगा। -रजनीश कुमार मिश्र, प्रभारी मेलाधिकारी- प्रयागराज।
माघ मेला-2021 की स्नान तिथियां
14 जनवरी- मकर संक्रांति
28 जनवरी -पौष पूर्णिमा
11 फरवरी- मौनी अमावस्या
16 फरवरी -बसंत पंचमी
27 फरवरी -माघी पूर्णिमा
11 मार्च -महाशिवरात्रि