बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना की शुरुआत होगी। इसके साथ ही डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से धनराशि भी हस्तांतरित की जाएगी। जिला पंचायत सभागार में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद इसका शुभारंभ करेंगे। इसमें 30 शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से स्वास्थ्य कार्ड दिए जाएंगे। इसके साथ ही प्रयागराज के करीब 25 हजार शिक्षकों और कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि योजना के तहत बेसिक शिक्षा परिषद के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक (सीडब्ल्यूएसएन), अनुदेशक, परिषद से संचालित सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के वार्डन, पूर्णकालिक व अंशकालिक शिक्षक-शिक्षिकाएं, प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइये और उनके आश्रित परिवार को भी कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी।
समारोह में जिले के तीन लाख से अधिक परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि भी हस्तांतरित की जाएगी। यह राशि विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्वेटर, स्कूल बैग और स्टेशनरी जैसी आवश्यक शैक्षणिक सामग्री खरीदने के लिए उपलब्ध कराई जाएगी।
साथ ही सभी तहसील मुख्यालयों पर भी कार्यक्रम होंगे जहां हर तहसील में 30 शिक्षकों को प्रतीकात्मक स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए जाएंगे। विभाग का कहना है कि इस योजना से शिक्षकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी जबकि डीबीटी से विद्यार्थियों को समय पर शैक्षणिक सामग्री खरीदने में सहायता मिलेगी।