250 houses ready under Prime Minister's residence
प्रयागराज। प्रधानमंत्री आवास योजनों के चयनित 250 पात्रों के पास जल्द ही अपना घर होगा। 71 बिंदुओं वाली विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक में शुक्रवार को डीआरडीए के परियोजना निदेशक केके सिंह ने बताया कि 250 आवास इसी महीने बन जाएंगे। शेष 100 आवास भी फरवरी में पूर्ण कर लिए जाएंगे। पीडी ने बताया कि पात्रों और अपात्रों की सूची भी तैयार कर ली गई है। 296 व्यक्ति अपात्र पाए गए हैं। इनमें से 264 का पैसा भी वापस हो गया है। अन्य को आरसी जारी किया गया है।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे डीएम भानुचंद्र गोस्वामी ने सीएमओ से अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, एंबुलेंस सेवा आदि की बारे में जानकारी ली। गांवों में लगने वाले हैंडपंप की जानकारी नहीं देने पर अफसरों के प्रति नाराजगी जताई। ग्राम पंचायतों में डोंगल की गलत फीडिंग पर डीपीआरओ पर असंतोष व्यक्त किया। गलत फीडिंग पर मऊआइमा के बीडीओ को कम्प्यूटर ऑपरेटर की सेवा समाप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी बीडीओ को पांच जनवरी तक गड़बड़ी दूर करने का निर्देश दिया। डीएम ने खाद्य एवं रसद विभाग, धान खरीद, सड़क निर्माण, स्मार्ट सिटी की प्रगति, बिजली, कृषि आदि विभाग की समीक्षा की। बैठक में सीडीओ प्रेमरंजन सिंह, पीडीए सचिव दयानंद, अपर नगर आयुक्त प्रथम अमरेन्द्र वर्मा, डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव, सीएमओ जीएस बाजपेई आदि मौजूद रहे।